ब्लैकमेल के सात और शिकार पहुंचे एसओजी, तीन आरोपी गिरफ्तार
khaskhabar.com: मंगलवार, 27 दिसम्बर 2016 10:52 AM (IST)
जयपुर। नामचीन लोगों से युवतियों की दोस्ती करवाकर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने की धमकी दे ब्लैकमेल करने के मामले में एसओजी ने तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इधर, ब्लैकमेल किए गए सात और लोग एसओजी ऑफिस पहुंचे। अब तक इस गिरोह के शिकार हुए डॉक्टर, बिल्डर, मार्बल व्यवसायी, रिसोर्ट मालिक, फैक्ट्री मालिकों सहित 39 लोग सामने आ चुके हैं, जिनसे 19 करोड़ रुपए से ज्यादा की ठगी की गई थी। सोमवार को गिरफ्तार किए गए राकेश यादव, एडवोकेट अखिलेश और उसके साथी पुष्पेन्द्र ने अजमेर रेाड पर रहने वाले फैक्ट्री मालिक उसके साथी को उत्तराखंड की युवती से दोस्ती करवाकर दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी से ब्लैकमेल कर 11 लाख रुपए लिए थे। राकेश मुख्य सरगना नवीन देवानी का ड्राइवर है। तीनों महेश नगर के रहने वाले हैं। एसओजी ने इनके कब्जे से नई करेंसी में ढाई लाख रुपए, फरार आरोपी नवीन का पासपोर्ट, कपड़े व फर्जी प्रेस कार्ड जब्त किया है। एसओजी आईजी दिनेश एमएन के सामने पेश होकर फैक्ट्री संचालक व उसके दोस्त ने शिकायत की थी। एसओजी की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि अखिलेश व पुष्पेन्द्र पहले ब्लैकमेलिंग गैंग के नवीन देवानी के लिए ही काम करते थे लेकिन, बाद में मोटा पैसा कमाने के लिए अलग गैंग बना लिया। मामले की जांच एडिशनल एसपी करन शर्मा कर रहे हैं। अप्रैल 2016 में एक महिला के माध्यम से उत्तराखंड की युवती नौकरी के लिए फैक्ट्री मालिक से मिलने आई थी। उसी दौरान युवती ने फैक्ट्री संचालक व उसके साथी को फंसाकर संबंध बना लिए। उसके बाद एडवोकेट अखिलेश ने फैक्ट्री संचालक को फोन किया और दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर 30 लाख रुपए मांगे। जब फैक्ट्री संचालक ने इनकार कर दिया, तो युवती, अखिलेश और पुष्पेन्द्र कोर्ट में इस्तगासा दायर करने चले गए। आरोपियों ने पीडि़त को वापस फोन करके केस दर्ज कराने की धमकी देकर कोर्ट में बुला लिया। जहां पर इस्तगासे की प्रति देखकर फैक्ट्री संचालक व उसका साथी डर गया और आरोपियों को केस दर्ज नहीं कराने की एवज में 11 लाख रुपए दे दिए। एसओजी के खुलासे के बाद फैक्ट्री संचालक आईजी दिनेश एमएन के पास पहुंचा और शिकायत दर्ज कराई। एसओजी ने अखिलेश व पुष्पेन्द्र और फरार नवीन के ड्राइवर राकेश को गिरफ्तार कर लिया।
हेलमेट विक्रेता से हड़पे ढाई लाख
[@ एक दुल्हन ने क्यों की 11 शादियां...जानिए पूरी खबर]