जयपुर । चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने प्रदेश में मौसमी बीमारियों की प्रभावी रोकथाम एवं उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने मौसमी बीमारियों से प्रभावित क्षेत्रों में डोर-टू-डोर सर्वे करवाने एवं पानी एकत्रित होने वाले स्थानों पर एंटीलार्वा गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। राठौड़ ने मलेरिया पी.एफ. रोगी एवं डेंगू रोगी पाये जाने पर रोगी के आसपास के 50 घरों में पायरेथ्रम का फोकल स्प्रे करने के साथ ही आउटब्रेक की स्थिति में आवश्यक दवाईयां एवं चिकित्सकीय दल (रैपिड रेस्पोंस टीम) आदि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कहा है। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों पर चिकित्सकों व पैरामेडिकल नर्सिंग स्टाॅफ का मुख्यालय पर ठहराव सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये हैं। चिकित्सा मंत्री ने मौसमी बीमारियों की प्रभावी व त्वरित उपचार के लिए राज्य जिला व ब्लाॅक स्तर पर गठित रेपिड रेस्पाॅन्स टीमों का समुचित उपयोग करने के निर्देश दिये हैं। किसी भी क्षेत्र में मौसमी बीमारी का आउटब्रेक होने की स्थिति में तत्काल रेपिड रेस्पाॅन्स टीम भिजवाकर उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी।