अमृतसर। निजी स्कूल में पढ़ने वाली सातवीं के छात्रा को कंप्यूटर टेस्ट अधूरा छोड़ना भारी पड़ गया और स्कूल प्रिंसीपल अमनदीप सिंह ढिल्लो ने छात्र की बेरहम पिटाई कर दी। जिसके बाद पुलिस की मदद से छात्रा को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि प्रिंसीपल चार महीने पहले भी उनकी बच्ची को इसी तरह पीट चुका है। पीड़िता खुशी शर्मा ने पुलिस को बताया कि प्रिंसीपल अमनदीप सिंह ढिल्लो ने उनका कंप्यूटर टेस्ट लिया था। लेकिन वो किसी कारण से टेस्ट पूरा नहीं कर पाई। जिसके बाद प्रिंसीपल ने उसकी बुरी तरह डंडों से पिटाई कर दी। जिससे वो घर पहुंचने की बजाय अस्पताल पहुंच गई। इधर खुशी की मां ने कहा कि कई बार पिटाई की बात घर तक आ चुकी है। लेकिन उन्होंने कभी नहीं कहा। लेकिन अब तो स्कूल अध्यापकों ने हद ही कर दी और उनकी बेटी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार जांच के बाद आरोपी प्रिंसीपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।