जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सराफ ने मंगलवार को राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के मेडिकल काॅलेज में जाकर निर्माण गतिविधियों की प्रगति का जायजा लिया एवं मार्च 2018 तक 500 बैड का अस्पताल तैयार कर शुरू करने के निर्देश दिये। अगले चरण में इसे 1500 बैड का अस्पताल बनाया जायेगा। सराफ के मेडिकल काॅलेज पहुंचने पर राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डाॅ. राजाबाबू पंवार, अतिरिक्त प्राचार्य डाॅ. सुधांश कक्कड़ एवं सहायक रजिस्ट्रार शशिकांत ने उनका स्वागत किया। उन्होंने निर्मित एकेडमिक ब्लाॅक का जायजा लिया। लगभग डेढ़ लाख वर्गमीटर में निर्मित इस ब्लाॅक को क्लास रूम, लैब सहित अन्य सभी सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। उन्होंने लोकार्पण के लिए तैयार लगभग 80 हजार वर्गमीटर में निर्मित एडमिनिस्ट्रेटिव ब्लाॅक का भी अवलोकन किया।
चिकित्सा मंत्री ने निर्माणाधीन शेष कार्यों का निरीक्षण किया एवं सभी कार्य पूर्ण गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश दिये। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नर्सिंग हाॅस्टल, ब्वाॅयज हाॅस्टल, गल्र्स हाॅस्टल एंव स्टाॅफ क्वाटर्स का निर्माण कार्य अपे्रल 2017 तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। कुलपति डाॅ. राजाबाबू पंवार ने बताया कि इस मेडिकल काॅलेज के प्रथम चरण में 500 बैड के हाॅस्पिटल सहित सभी कार्यों के लिए 324 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गयी है। अब तक 110 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जा चुकी है। वित्तीय सलाहकार मनीष माथुर ने बताया कि इस विश्वविद्यालय की सभी वित्तीय गतिविधियां कैशलेस हो चुकी है। सभी भुगतान ई-ट्रांजेक्शन के जरिए किये जा रहे हैं एवं समस्त वित्त हेतु पेमेन्ट गेटवे की व्यवस्था प्रारम्भ की जा चुकी है।