Advertisement
₹10 लाख पेनल्टी डकारने वाले बिल्डर अंसल प्रॉपर्टीज पर रेरा का स्ट्राइक: जिला कलेक्टर वसूलेंगे जुर्माना

राजस्थान रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (RAJ-RERA) ने नियामक आदेशों की हवा निकालने वाले नामचीन और बड़े डेवलपर्स के खिलाफ अपना सबसे कड़ा रुख अपनाया है। अजमेर के प्रोजेक्ट में चार साल पुराने अदालती आदेश को दरकिनार करने और जुर्माना जमा न कराने पर मैसर्स अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड पर रेरा का विधिक हंटर चला है।
सदस्य सुधीर कुमार शर्मा की पीठ ने प्रमोटर की इस घोर लापरवाही पर कड़ा संज्ञान लेते हुए न केवल ₹10 लाख की वसूली के लिए रिकवरी सर्टिफिकेट (RC) जारी किया है, बल्कि धारा 34(c) के तहत कंपनी के प्रमोटरों को बेनकाब करते हुए उनके नाम और तस्वीरें डिफ़ॉल्टर की सूची में रेरा की वेबसाइट पर सार्वजनिक करने के सख्त आदेश जारी किए हैं।
यह पूरा कानूनी विवाद अजमेर स्थित प्रोजेक्ट सुशांत सिटी अजमेर फेज-III रजिस्ट्रेशन नंबर RAJ/P/2017/282) में अथॉरिटी द्वारा खुद शुरू की गई सुओ-मोटू कार्यवाही से जुड़ा है। रेरा कोर्ट ने 22 जून 2022 को ही एक आदेश पारित कर RERA एक्ट की धारा 61 के तहत नियमों के उल्लंघन पर प्रमोटर कंपनी पर ₹10,00,000 (दस लाख रुपये) का भारी जुर्माना लगाया था।
आदेश के तहत बिल्डर को 45 दिनों में यह राशि जमा कराकर अनुपालना रिपोर्ट पेश करनी थी। बिल्डर द्वारा चार साल बीत जाने के बाद भी जुर्माने का एक रुपया जमा न कराने पर कोर्ट ने इस वर्ष फरवरी, मई और जुलाई 2026 में स्पीड पोस्ट के जरिए बार-बार कानूनी नोटिस तामील कराए। 6 जुलाई 2026 को नोटिस मिलने की पुष्टि होने के बावजूद 28 जुलाई 2026 को हुई निष्पादन सुनवाई में प्रमोटर की तरफ से कोर्ट में कोई भी वकील या प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ।
रेरा की लॉ रिसर्च टीम द्वारा पोर्टल पर प्रोजेक्ट की अद्यतन स्थिति की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि प्रोजेक्ट का पंजीकरण 13 दिसंबर 2020 को ही खत्म हो चुका है और यह आधिकारिक रूप से 'लैप्स' (Lapsed) श्रेणी में पड़ा हुआ है। वर्ष 2020 की अंतिम तिमाही रिपोर्ट के अनुसार केवल 65% काम ही पूरा हुआ था और प्रमोटर ने कोई वार्षिक प्रगति रिपोर्ट (APR) तक जमा नहीं कराई थी। रेरा कोर्ट ने माना कि प्रमोटर जानबूझकर अदालत के आदेशों की अवहेलना कर रहा है और कानून से भागने की कोशिश कर रहा है।
सदस्य सुधीर कुमार शर्मा ने निष्पादन कार्यवाही का निस्तारण करते हुए दोहरा विधिक डंडा चलाया है। इसके तहत प्रमोटर कंपनी अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर के खिलाफ ₹10 लाख की पेनल्टी राशि वसूलने के लिए धारा 40(1) के तहत तुरंत रिकवरी सर्टिफिकेट जारी किया गया है। रेरा रजिस्ट्री को आदेश दिए गए हैं कि मामला अजमेर के जिला कलेक्टर को भेजा जाए ताकि लैंड रेवेन्यू (भू-राजस्व) की तर्ज पर बिल्डर की संपत्तियों की कुर्की और नीलामी कर सरकारी वसूली की जा सके। आम जनता और भावी खरीदारों को ऐसे बेलगाम बिल्डरों से बचाने के लिए RERA एक्ट की धारा 34(c) का इस्तेमाल किया गया है।
रजिस्ट्री को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि इस डिफ़ॉल्टर प्रोजेक्ट के विवरण के साथ-साथ प्रमोटरों के नाम और उनकी तस्वीरें रेरा के आधिकारिक वेब पोर्टल पर सार्वजनिक रूप से पब्लिश की जाएं। रेरा के इस कड़े फैसले ने साफ कर दिया है कि रीयल एस्टेट में साख का ढोल पीटने वाले प्रमोटर यदि नियामक संस्था के आदेशों को ठंडे बस्ते में डालेंगे, तो उन्हें न सिर्फ भारी वित्तीय नीलामी सहनी पड़ेगी, बल्कि उनकी सार्वजनिक साख भी पूरी तरह ध्वस्त कर दी जाएगी।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
अजमेर
Advertisement
राजस्थान से
सर्वाधिक पढ़ी गई
Advertisement
Traffic
Features


