Renowned singers spread waves with excellent accompanists.-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:19 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

"सुमिरन" में प्रख्यात गायकों ने उम्दा संगतकारों के साथ बिखेरी स्वर लहरियां

khaskhabar.com: सोमवार, 22 जनवरी 2024 1:57 PM (IST)
जयपुर । जवाहर कला केन्द्र की ओर से "कला संसार मधुरम" के अंतर्गत दो दिवसीय समारोह "संस्कृति सेतु उत्सव" का आयोजन किया गया। आयोजन के दूसरे दिन रविवार को जेकेके के रंगायन में आयोजित "सुमिरन" में ध्रुवपद गायन की प्रस्तुति दी गई। समारोह में देश के प्रख्यात ध्रुवपद गायकों ने प्रसिद्ध संगतकारों के साथ ध्रुवपद गायन की प्रस्तुति दी। भावपूर्ण आवाज और सशक्त गायन शैली ने श्रोताओं का दिल जीत लिया। "सुमिरन" में प्रसिद्ध ध्रुवपद गायक पंडित प्रशांत मल्लिक और पंडित निशांत मल्लिक ने ध्रुवपद गायन की प्रस्तुति दी। प्रस्तुति के दौरान पखावज पर श्री गौरव शंकर उपाध्याय ने सुंदर संगत की। उनकी प्रस्तुति ने जहां अपनी आवाज का जादू बिखेरा, वहीं सभागार में मौजूद संगीत प्रेमियों की तालियां भी बटोंरी। राम के नाम की महिमा का गुणगान
सुमिरन में भगवान श्री राम के गुणगान को ध्रुवपद के अंग के जरिए प्रस्तुत किया गया, विभिन्न पदों के जरिए राम की महिमा सुनकर श्रोता भाव विभोर हो गए। उन्होंने राग बिहाग में श्री राम राम रमापति., राग पटदीप में "राम आए अयोध्या धाम.., राग जोग में सीताराम-सीताराम, सीताराम कहिए...की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। इसके साथ ही राग चारुकेशी में सुंदरकांड की चौपाइयों की भावपूर्ण प्रस्तुत दी गई। उनके गायन ने आध्यात्मिक भावों को सहज रूप से प्रस्तुत किया।
संगीत की विरासत को मंच पर किया प्रस्तुत
सुमिरन में प्रसिद्ध ध्रुवपद गायक पंडित प्रशांत मल्लिक और पंडित निशांत मल्लिक संगीत के फलक पर मौजूद प्रख्यात नाम हैं, वे दरभंगा घराने के प्रतिष्ठित सांगीतिक परिवार से हैं। इनकी 450 साल से अधिक पुरानी संगीत परंपरा है और वे इस सांगीतिक घराने की 13वीं पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं। ध्रुवपद संगीत की साधना इन दोनों भाईयों ने उनके पिता प्रोफेसर पं. प्रेम कुमार मल्लिक के संरक्षण में आरंभ की और बाद में उन्हें अपने दादा ध्रुवपद मार्तंड पंडित विदुर मल्लिक से ध्रुवपद गायकी का सार सीखने का सौभाग्य भी मिला। वे 2013 में केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी युवा पुरस्कार सहित तीन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हैं और उन्हें ऑल इंडिया रेडियो और दूरदर्शन से ध्रुवपद गायन (युगल) में 'टॉप' ग्रेड से सम्मानित किया गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement