Raid on Jodhpur Misthan Bhandar in Kotputli, panic ensues after iron blade found in kachori-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 8:16 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

कोटपूतली में जोधपुर मिष्ठान भंडार पर छापा, कचौरी में लोहे की ब्लेड मिलने से मचा हड़कंप

khaskhabar.com: शनिवार, 27 दिसम्बर 2025 3:59 PM (IST)
कोटपूतली में जोधपुर मिष्ठान भंडार पर छापा, कचौरी में लोहे की ब्लेड मिलने से मचा हड़कंप
कोटपूतली। शहर के महात्मा ज्योतिबा फुले चौक स्थित श्रीजी प्लाजा में संचालित जोधपुर मिष्ठान भंडार पर शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने औचक छापा मारा। यह कार्रवाई कचौरी में लोहे की ब्लेड मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की गई। घटना के बाद शहर में हड़कंप मच गया और आमजन में आक्रोश देखने को मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को कस्बा निवासी हीरालाल गुर्जर अपने साथियों संदीप गुर्जर, रामवीर चेची एवं बंटी रावत के साथ मिष्ठान भंडार पर कचौरी खाने पहुंचे थे। इसी दौरान कचौरी में लोहे की ब्लेड निकलने से सभी चौंक गए। मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही खाद्य सुरक्षा विभाग हरकत में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठान संचालक बजरंग सिंह भी मौजूद रहे। टीम ने मिष्ठान भंडार में तैयार मावा, मिठाइयों, नमकीन एवं कचौरी में प्रयुक्त मसालों की गहन जांच की।
जांच के दौरान 20 किलोग्राम कचौरी मसाला और 45 किलोग्राम मावा मसाले के नमूने लेकर उन्हें जांच हेतु जयपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा भी मौके पर मौजूद रहे। घटना के बाद शहरवासियों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर चिंता गहराती जा रही है। लोगों ने मांग की है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement