जालौर। भारतीय जनता पार्टी की ओर से 25 सितम्बर को देशभर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्रसिंह बालावत ने बताया कि देश के हर जिला व मंडल स्तर पर दीनदयाल जन्मशताब्दी के जिले में होने वाले सरकारी कार्यक्रमों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा अनिवार्य रूप से लगाई जाएगी। जिला व मंडल स्तर पर साल में 12-12 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक बूथ पर वर्ष में एक कार्यक्रम होना आवश्यक है। वहीं 25 सितम्बर को दीनदयाल जन्मशताब्दी के उपलक्ष्य में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन होगा। कार्यकर्ताओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए इस कार्यक्रम को जिला व मंडल स्तर पर सार्वजनिक स्थान पर स्क्रीन लगाकर दिखाया जाएगा।
इन कार्यक्रमों का होगा आयोजन
दीनदयाल जन्म शताब्दी कार्यक्रम में मैराथन खेल प्रतियोगिता, मानव शृंखला, महिलाओं व युवाओं के कार्यक्रम, वाद विवाद प्रतियोगिता, निबंध प्रतियोगिता, चित्रकला प्रतियोगिता, संगीत कार्यक्रम, वरिष्ठ नागरिकों के कार्यक्रम, भजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय गीत प्रतियोगिता, कवि सम्मेलन आदि का आयोजन होगा। इन सभी कार्यक्रमों का आयोजन जिला व मंडल स्तर पर सभी मोर्चा के सहयेाग से किया जाएगा।