Advertisement
पटना में गंगा तट के 90 सुरक्षित घाटों पर अर्घ्य की तैयारी, एक क्लिक पर मिलेगी छठ घाटों और सुविधाओं की जानकारी

प्रशासन ने इस बार 90 सुरक्षित घाट चिह्नित किए हैं, जबकि आठ घाटों को खतरनाक और सात को अनुपयुक्त घोषित किया गया है। खतरनाक घाटों पर श्रद्धालुओं को जाने से बचाने के लिए ऐप पर उनकी जानकारी और नक्शे की उपलब्धता को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, सहायता केंद्र, शौचालय, वस्त्र बदलने के कक्ष, पेयजल और पार्किंग जैसी सुविधाओं की जानकारी भी उपलब्ध होगी।
प्रशासन के अनुसार, इसके तहत नौ प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, 19 सहायता केंद्र, 25 शौचालय स्थल, 27 वस्त्र बदलने के कक्ष, 14 पेयजल स्थल और 46 पार्किंग स्थलों की जानकारी दी गई है। इसके अलावा घाटों की संख्या और वहां उपलब्ध सुरक्षा संसाधनों का ब्योरा भी ऐप पर मिलेगा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार 607 अस्थायी शौचालय, 560 यूरिनल और 453 वस्त्र बदलने के कक्ष बनाए गए हैं। वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए 321 नाव और नाविक, 432 गोताखोर, एनडीआरएफ की नौ और एसडीआरएफ की आठ टीमों की व्यवस्था की गई है।
डिजिटल ऐप के जरिए श्रद्धालु इन सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। वहीं, पटना में छठ पूजा के दौरान गंगा घाटों पर भीड़ का दबाव कम करने के लिए नगर निगम ने भी इस बार विशेष पहल की है। पटना नगर निगम की ओर से गंगा घाटों के अलावा शहर के विभिन्न मोहल्लों के तालाबों, पार्कों, मंदिर परिसरों और अन्य स्थानों पर कुल 72 स्थायी एवं अस्थायी सार्वजनिक स्थलों पर अर्घ्य देने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को उनके घरों के नजदीक ही छठ पूजा की सुविधा देना और प्रमुख घाटों पर भीड़ को नियंत्रित करना है।
पटना सिटी अंचल स्थित मंगल तालाब में भी छठ महापर्व को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है। अजीमाबाद और पटना सिटी अंचल गंगा तट के समीप होने के कारण यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा घाटों पर अर्घ्य अर्पित करते हैं। हालांकि, आसपास के अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी व्यवस्था की गई है, ताकि लोगों को दूर जाने की जरूरत न पड़े।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए छोटे वाटर ई-कार्ट के माध्यम से तालाबों में गंगाजल भी मिलाया जा रहा है। कार्तिक छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हो गई है। इसके बाद शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। उषा अर्घ्य के बाद व्रती पारण करेंगे और इसी के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
--आईएएनएस
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे
Advertisement
प्रमुख खबरें
Advertisement
Traffic
Features


