Our Constitution is Our Guiding Light and Moral Foundation: Devnani-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

हमारा संविधान ही हमारा पथप्रदर्शक और नैतिक संबल है : देवनानी

khaskhabar.com: बुधवार, 25 नवम्बर 2026 5:10 PM (IST)
हमारा संविधान ही हमारा पथप्रदर्शक और नैतिक संबल है : देवनानी
जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने संविधान दिवस पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। देवनानी ने कहा है कि यह महत्वपूर्ण दिवस है। हमारे राष्ट्र का संविधान, इसके निर्माताओं की दूरदर्शिता का जीवंत प्रमाण है। यह संविधान सामाजिक परिर्वतन और आर्थिक विकास की जटिलताओं और चुनौतियों के बावजूद राष्ट्र का मार्ग दर्शन करने में समय की कसौटी पर खरा उतरा है। देवनानी ने कहा कि किसी भी जीवंत लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति उसकी संस्थाओं की मर्यादा, विधि के शासन और नागरिकों के संवैधानिक आचरण में निहित होती है। उन्‍होंने कहा कि विधान सभा का अध्यक्ष होने के नाते वे यह अनुभव करते हैंं कि सदन की कार्यवाही से लेकर जनकल्याण की प्रत्येक नीति तक, हमारा संविधान ही हमारा पथप्रदर्शक और नैतिक संबल है। देवनानी ने कहा कि लोकतंत्र के पवित्र मंदिर में जन-प्रतिनिधियों के दायित्वों का निर्वहन करते हुए यह निरंतर अनुभूति होती है कि हमारे संविधान निर्माताओं की दूरदृष्टि कितनी विलक्षण थी। उन्होंने हमें एक ऐसी शासन प्रणाली दी है, जहाँ कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका अपने निर्धारित दायरे में रहते हुए राष्ट्र निर्माण के साझा लक्ष्य की ओर अग्रसर हैं। संविधान केवल अधिकारों का घोषणा-पत्र नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक को उसके कर्तव्यों का बोध भी कराता है।
देवनानी ने कहा कि उनका यह सदैव प्रयास रहा है कि संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली और संविधान के मूल आदशों से आमजन, विशेष रूप से हमारे विद्यार्थी और युवा वर्ग, सीधे तौर पर परिचित हो सकें। इसी विचार को मूर्त रूप देते हुए राजस्थान विधान सभा के संग्रहालय में 'संविधान दीर्घा' का निर्माण कराया गया है। यह दीर्घा केवल ऐतिहासिक दस्तावेजों और कलाकृतियों का प्रदर्शन मात्र नहीं है, अपितु यह भावी पीढ़ी को हमारे लोकतांत्रिक संस्कारों और राष्ट्रीय अस्मिता से जोड़ने का एक विनम्र उपक्रम है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत का लोकतन्त्र विश्व का सबसे बड़ा लोकतन्त्र है और भारत का संविधान विश्व का सबसे बडा लिखित संविधान हैं। समस्त लोकतांत्रिक संवैधानिक संस्थायें अपनी शक्तियां संविधान से ही प्राप्त करती हैं। संविधान किसी भी प्रकार की अराजकता, स्वच्छन्दता और अमर्यादित आचरण की अनुमति नहीं देता है। अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति पूर्ण जागरूक रहते हुए "विकसित भारत निर्माण" के लक्ष्य को प्राप्त करना है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement