विकास के पथ पर महिलाएं पुरूषों की प्रतिद्वन्द्वी नहीं
khaskhabar.com: रविवार, 21 अगस्त 2016 4:02 PM (IST)
मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिमी देशों में महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त हैं
लेकिन राजस्थान देश का पहला राज्य है, जिसने महिलाओं को वित्तीय रूप से
सशक्त बनाने की पहल की और 2007 में भामाशाह योजना लागू की।
श्रीमती राजे ने कहा कि राजस्थान को डेजर्ट स्टेट कहा जाता है। यहां पानी
की समस्या सबसे ज्यादा है। इसी को ध्यान में रखकर हमारी सरकार ने
मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान चलाया जो कि एक जन आंदोलन बन गया है और
इसमें सभी वर्गों का सहयोग मिल रहा है। अभियान में अब तक करीब 4 हजार
गांवों में जल संरचनाओं का निर्माण किया गया है। जिनमें इस मानसून में पानी
आने के बाद लोगों के चेहरे खिल गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्रिक्स देशों में दुनिया की 43 प्रतिशत आबादी रहती
है। इन देशों के समक्ष विकास की चुनौतियां और यहां के निवासियों की आशाएं
एवं आकांक्षाएं एक जैसी हैं। इन देशों में गरीबी को दूर करने के लिए
संयुक्त प्रयास की आवश्यकता है।
श्रीमती राजे ने उम्मीद जताई कि ब्रिक्स महिला सांसद मंच की यह दो दिवसीय
बैठक दूरियों को पाटने के साथ विकास के लक्ष्य को प्राप्त करने में अहम
होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में आज पारित हुए जयपुर घोषणा पत्र में सतत्
विकास लक्ष्यों के प्रति जो संकल्प लिए गए हैं, उन्हें पूरा करने की दिशा
में सभी सदस्य देश मिलकर प्रयास करेंगे। उन्होंने जयपुर को इस बैठक की
मेजबानी का मौका देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन का
आभार व्यक्त किया।