Officers should solve public problems within stipulated time period: Devendra Singh Babli-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:55 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जनसमस्याओं का समाधान निश्चित समय अवधि में करें अधिकारी : देवेंद्र सिंह बबली

khaskhabar.com: शुक्रवार, 01 सितम्बर 2023 6:02 PM (IST)
जनसमस्याओं का समाधान निश्चित समय अवधि में करें अधिकारी : देवेंद्र सिंह बबली
टोहाना। प्रदेश के विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने जनता की समस्याओं के निवारण के लिए टोहाना के डांगरा रोड़ स्थित किसान रेस्ट हाउस में जनता दरबार लगाया। इस दौरान उन्होंने नागरिकों की काडा, बिजली, कृषि, पंचायती राज, पब्लिक हेल्थ, सिंचाई विभाग, प्रॉपर्टी आईडी सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की और मौके पर अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से निवारण करने के निर्देश दिए। कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने कहा कि प्रदेश सरकार लोगों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से कहाकि वे टीम वर्क के रूप में कार्य करते हुए जनता की समस्याओं का निदान करें। जनसमस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करें, इस मामले में कोताही न बरतें। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सभी सेवाओं के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया तैयार की गई है तथा सभी सेवाएं समयबद्ध हो चुकी हैं, जिसका जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। सरकार का प्रयास है कि आमजन को सेवाओं का लाभ मिलने में कोई परेशानी न आए। उन्होंने कहा कि 15 दिन के बाद अधिकारियों के साथ एक बैठक कर जनता दरबार में आई हुई समस्याओं की समीक्षा की जाएगी। कैबिनेट मंत्री देवेंद्र सिंह बबली ने बिजली विभाग से संबंधित समस्याओं का निराकरण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि बिजली विभाग से संबंधित सेवाओं के लिए नागरिकों को बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि अगर किसी भी नागरिक का मीटर कनेक्शन काटा जाना है तो पहले नागरिकों को उसके कारण के बारे में अवगत कराया जाए। बिजली के नए कनेक्शन के लिए किसी नागरिक को बार-बार दफ्तर के चक्कर ना लगाने पड़े। इसके साथ-साथ बिजली विभाग के अधिकारी प्रत्येक गांवों में जाकर स्थिति का स्वयं जायजा लें और ग्रामीणों की नए कनेक्शन, बिजली मीटर व ट्रांसफॉर्मर तथा पोल लगाने व हटाने के लिए एस्टीमेट तैयार कर इसकी रिपोर्ट आगामी बैठक में प्रस्तुत करे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अब ढाणियो में एक किलोमीटर तक विभाग द्वारा कनेक्शन दिया जाएगा। बाढ़ की वजह से जो सड़कें और रास्ते का नुकसान हुआ है उसको ठीक करने का कार्य शीघ्र ही पूर्ण किया जाएगा। विकास एवं पंचायत मंत्री ने कहा कि टोहाना नगर परिषद की शहर के चारों ओर से लगभग 5.86 स्क्वेयर किलोमीटर सीमा बढ़ा दी गई है। इसके लिए हरियाणा सरकार द्वारा नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद की सीमा बढ़ाए जाने से नागरिकों को उपलब्ध कराए जाने वाली मूलभूत सुविधाएं स्ट्रीट लाइट, पक्की गलियां आदि अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध हो सकेंगी। इससे शहरी क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement