झुंझुनूं। मोरारका कॉलेज में प्रथम वर्ष के उत्तीर्ण छात्रों को द्वितीय वर्ष में प्रवेश दिलाने की मांग को लेकर तथा महिला कॉलेज को पीजी में क्रमोन्नत करने की मांग को लेकर पिछले पांच दिनों से आमरण अनशन पर बैठे एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के समर्थन में विरोध रैली निकाली। इसके बाद जब सैंकड़ों की संख्या में छात्र-छात्रा एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष राकेश मीणा के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में घुसने की कोशिश कर रहे थे तो पुलिस ने लाठी भांजकर विद्यार्थियों को खदेड़ा। इसके बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और कलेक्ट्रेट को पुलिस छावनी में बदल दिया गया। इसके बाद तबियत बिगडऩे की आशंकाओं को लेकर अनशन पर बैठे एनएसयूआई कार्यकर्ता मोहित आर्य और मुस्तफा भाटी को पुलिस ने जबरदस्ती अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर विधायक डॉ. राजकुमार शर्मा व जिप सदस्य दिनेश सुंडा पहुंचे और उन्होंने विद्यार्थियों की सुध लेते हुए कहा कि सरकार या फिर प्रशासन विद्यार्थियों को अकेला नहीं समझे। सरकार की गलतियों को छुपाने के लिए प्रशासन लाठियों का उपयोग कर रहे है। जो बर्दाश्त नहीं होगा। इस मौके पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र भड़ौंदा भी मौजूद थे। इस मामले को लेकर एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अशोक सैनी का कहना है कि अपनी विभिन्न मांगों को लेकर छात्रसंघ उपाध्यक्ष मुस्तफा भाटी, महासचिव मोहित आर्य पांच से आमरण अनशन पर बैठे है परंतु पांच दिवस बित जाने के पश्चात भी अभी तक उनकी मांगों को नजर अंदाज किया गया। जिसको लेकर एनएसयूआई कार्यकर्ता जिला कलेक्टर को शांतिपूर्वक ज्ञापन देने जा रहे थे परंतु पुलिस प्रशासन ने छात्र छात्राओं पर लाठियां बरसा कर वहां से भगा दिया गया। जिसके खिलाफ बुधवार को एनएसयूआई द्वारा मुख्यमंत्री का पुतला जलाया जाएगा। जिलाध्यक्ष सैनी ने बताया कि अनशन पर बैठे छात्रों को जबरन पुलिस गाडिय़ों में डालकर थाने ले गई तथा अन्य प्रदर्शनकारियों को भी पुलिस गाडिय़ों में डालकर ले गई जो छात्र हितों के साथ सरासर खिलवाड़ है।
यह भी पढ़े :विश्व की सबसे लंबी पेंटिंग की देखें तस्वीरेंयह भी पढ़े :गंगा में मिले फाड़कर फेंके हुए हजार रुपये के नोट