जयपुर। प्रदेश में संचालित राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षित 446 मोबाइल हैल्थ टीमों ने इस वित्तीय वर्ष में अब तक 21 लाख 15 हजार 818 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया एवं संभावित बीमार 93 हजार 697 बच्चों को रैफर कर उनके जांच व उपचार की समुचित व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
मिशन निदेशक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन नवीन जैन ने मंगलवार को स्वास्थ्य भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी। उन्होंने आरबीएसके कार्यक्रम की प्रगति रिपोर्ट की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 43 सहित अब तक कुल 245 बच्चों की बच्चों की हार्ट सर्जरी एवं 20 सहित 1000 से अधिक बच्चों की अन्य आवश्यक सर्जरी करवा कर लाभान्वित किया गया है।
मोबाइल हैल्थ टीम प्रभारियों को चिन्हित बच्चों के उपचार व्यवस्था के लिये प्रभावी स्वास्थ्य शिविर कार्ययोजना बनाकर कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने जटिल बीमारियों के उपचार हेतु जिला अस्पतालों एवं मेडिकल कालेज से संबद्ध चिकित्सालयों के समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने कार्यक्रम के तहत सूचीबद्ध निजी चिकित्सालयों में उपचार एवं भुगतान की भी विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में अतिरिक्त मिशन निदेशक बी.एल. कोठारी, निदेशक आरसीएच डा. वी.के. माथुर, परियोजना निदेशक आरबीएसके डा. सुआलाल सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित थे।