Move fast and transparency in the implementation of CSS says Anurag Thakur-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:36 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

CSS क्रियान्वयन में और तेजी व पारदर्शिता लाएं अधिकारी : अनुराग ठाकुर

khaskhabar.com: शनिवार, 31 दिसम्बर 2016 1:01 PM (IST)
CSS क्रियान्वयन में और तेजी व पारदर्शिता लाएं अधिकारी : अनुराग ठाकुर
ऊना। सांसद अनुराग ठाकुर ने अधिकारियों से विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं के क्रियान्वयन में और तेजी व पारदर्शिता लाने का आह्वान किया है ताकि लोगों तक निर्धारित समय सीमा में इन योजनाओं का लाभ पहुंच सके। यहां जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा योजनाओं को ईमानदारी से अमलीजामा पहनाकर लोगों के जीवन में बदलाव लाने में और उनका आर्थिक स्तर ऊंचा उठाने में अधिकारी निर्णायक भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने जिला में क्रियान्वित की जा रही केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिकतर विभागों द्वारा अर्जित की गई उपलब्धियों से वह संतुष्ट हैं लेकिन जो विभाग इन योजनाओं के क्रियान्वयन में पीछे रहे हैं, उन्हें अब तेजी पकडनी होगी। उन्होंने अधिकारियों से यह भी आह्वान किया कि वे लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए अपने लक्ष्यों की प्राप्ति में तेजी लाएं। सांसद अनुराग ठाकुर ने जिला को तपेदिक मुक्त करने का लक्ष्य आगामी एक डेढ साल में हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला में एचआईवी मामलों में बढोतरी पर भी चिंता जताई और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को व्यापक जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय हस्पताल की बाउंड्री वाल व डिमार्केशन का काम भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। अनुराग ठाकुर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना का भी व्यापक प्रचार व प्रसार सुनिश्चित करते पात्र लोगों को इस योजना के तहत लाने के निर्देश देते हुए कहा कि जिला के सभी चयनित 45000 परिवारों को इस योजना के लाभ के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभी तक सिर्फ आधे पात्र परिवारों को ही इस योजना के दायरे में लाए जाने की प्रगति संतोषजनक नहीं कही जा सकती।
अनुराग ठाकुर ने कहा प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना के तहत 21 प्रोजेक्ट् जिला के लिए स्वीकृत किए गए थे जिनमें से 17 प्रोजेक्टों पर काम तेजी पर है। उन्होंने बाकी के चार प्रोजेक्टों की टेंडर प्रक्रिया तेजी से पूरी करकेे इनका शिलान्यास करवाने और इन पर तेजी से काम शुरू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत गोद ली गई जिला की लोअर देहलां पंचायत की पूर्व स्थिति व इस योजना के तहत हुए कार्यों के तुलनात्मक रिपोर्ट तैयार करके उसकी एक बुकलेट व वीडियो बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि जब भी जिला विकास समन्वय व निगरानी समिति की बैठक आयोजित हो तो बैठक के दो-तीन दिन के भीतर ही सभी गैर सरकारी सदस्यों को इस बैठक में लिए गए निर्णयों की प्रति भेजना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर कुटलैहड के विधायक वीरेंद्र कंवर, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी, जिलाधीश विकास लाबरू, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजेश कुमार मारिया, नगर परिषद के अध्यक्ष बाबा अमरजोत सिंह बेदी, हिमोत्कर्ष के अध्यक्ष कमर हरि सिंह सहित समिति के सभी सरकारी व गैर सरकारी सदस्य उपस्थित थे।

[@ यहां था पैदा होते ही बेटी को मार देने का रिवाज, अब बेटी ने ही किया नाम रोशन]

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement