बून्दी। बूंदी उत्सव 2016 और पर्यटन विकास को लेकर सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में अहम बैठक हुई। जिला कलक्टर नरेश कुमार ठकराल की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी 17 से 19 नवंबर तक आयोजित होने वाले बून्दी उत्सव 2016 को लेकर चर्चा की गई। साथ ही इस दौरान होने वाले कार्यक्रमों और पर्यटन विकास को लेकर विचार विमर्श किया गया। बैठक में जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि बूंदी उत्सव का व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बूंदी उत्सव के पोस्टर की डिजायन भी शीघ्र पूरी हो और इसे आकर्षक रुप दिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि उत्सव के आमंत्रण पत्र भी शीघ्र छपवा लिए जाएं। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर रामजीवन मीणा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीलाल मीणा, इंटेक संयोजक विजयराज सिंह, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष सुशील मेहता, प्रदीप जोशी, एडवोकेट राजकुमार दाधीच, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रेमशंकर सैनी, अशोक तलवास, पुरूषोत्तम लाल पारीक भी मौजूद रहे।