चित्तौडग़ढ़। मीरा स्मृति संस्थान चित्तौडग़ढ़ द्वारा आयोजित 27वें भव्य मीरा महोत्सव का आगाज रविवार को दुर्ग स्थित मीरा मंदिर में भक्ति रसोत्सव के साथ हुआ। जिसमें गायक मेड़ता के लक्ष्मण भांड, कथक नृत्यांगना यासमिन सिंह, संगीतज्ञ डॉ प्रेम भण्डारी व गौरी राव मेहता की नृत्य प्रस्तुति से जहां मीरा मंदिर मीरा के भजनों से गूंज उठा। वहीं कलाकारों की प्रस्तुति से एक बार फिर भक्त शिरोमणि मीरा को जीवंत कर दिया। प्रारम्भ में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह, अध्यक्ष जिला एवं सेशन न्यायाधीश रामेश्वर व्यास, विशिष्ट अतिथि गोपाल बिरवाल, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी कुुसुम राठौड़़, प्रधान प्रवीण सिंह राठौड़़, हुकम सिंह राजपुरोहित, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रेम राज सिंह, अति. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रश्मि आर्य, पवन कुमार काला, ब्रह्मानंद शर्मा, वालिया तथा न्यास अध्यक्ष निर्मल काबरा ने दीप प्रज्वलन कर आगंतुक कलाकारों का स्वागत किया।