Mayor Sunil Kothari Takes a Strict Stance on Sanitation: Shopkeepers Must Maintain Two Dustbins; Non-Compliance to Attract a ₹2,000 Fine-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

महापौर सुनील कोठारी का सफाई व्यवस्था पर सख्त रुख, दुकानदारों को रखने होंगे दो डस्टबिन, नियम तोड़ने पर 2 हजार जुर्माना

khaskhabar.com: शुक्रवार, 27 नवम्बर 2026 6:02 PM (IST)
महापौर सुनील कोठारी का सफाई व्यवस्था पर सख्त रुख, दुकानदारों को रखने होंगे दो डस्टबिन, नियम तोड़ने पर 2 हजार जुर्माना
जयपुर। जयपुर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए महापौर सुनील कोठारी ने सफाई व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। अब शहर के सभी दुकानदारों को अपनी दुकानों पर गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग दो डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा। नियमों की अनदेखी करने पर पहले समझाइश दी जाएगी और इसके बाद भी पालन नहीं करने पर 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। महापौर सुनील कोठारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को नगर निगम मुख्यालय के ई.सी. मीटिंग हॉल में शहर की सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपमहापौर सरोज कंवर सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। ओपन कचरा डिपो खत्म करने के निर्देश
महापौर कोठारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी जोन उपायुक्त नियमित रूप से फील्ड में जाकर सफाई कार्यों की निगरानी करें और सुनिश्चित करें कि शहर में खुले कचरा डिपो नहीं रहें।
उन्होंने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों की नियमित निगरानी करने तथा उनकी कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए।
हरा और नीला डस्टबिन रखना होगा जरूरी
महापौर ने कहा कि प्रत्येक दुकानदार को गीले कचरे के लिए हरा और सूखे कचरे के लिए नीला डस्टबिन रखना होगा। पहले दुकानदारों को समझाइश दी जाएगी, लेकिन नियमों का पालन नहीं करने पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी।

सफाई व्यवस्था की नियमित होगी मॉनिटरिंग

बैठक में शहर के खुले कचरा डिपो, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, जनगणना की तैयारियों, वार्ड ओआईसी के निरीक्षण, कैरिंग चार्ज एवं जुर्माने की स्थिति और दुकानों पर दो डस्टबिन की उपलब्धता सहित विभिन्न मुद्दों की समीक्षा की गई।
बैठक में उपमहापौर सरोज कंवर, अतिरिक्त आयुक्त नरेंद्र कुमार बंसल, उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी, सभी जोन उपायुक्त, उपायुक्त पशु प्रबंधन, अधिशासी अभियंता गैराज एवं प्रोजेक्ट तथा जोन के मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement