Make MJSA the best flagship program in the country - Chief Minister-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

एमजेएसए को देश का सबसे अच्छा फ्लैगशिप कार्यक्रम बनाएं - मुख्यमंत्री

khaskhabar.com: गुरुवार, 27 अप्रैल 2017 11:50 PM (IST)
एमजेएसए को देश का सबसे अच्छा फ्लैगशिप कार्यक्रम बनाएं - मुख्यमंत्री
जयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा कि मुख्यमंत्री जल स्वालम्बन अभियान (एमजेएसए) के पहले चरण में हुए जल संरक्षण संबंधी कार्यों का उदाहरण देश ही नहीं, दुनिया के कई देशों में दिया जाता है। ऐसे में जरूरी है कि अभियान के दूसरे चरण में भी उसी उत्साह से कार्य कर इसे देश का सबसे अच्छा फ्लैगशिप कार्यक्रम बनाने में कोई कमी नहीं रखी जाए। उन्होंने एमजेएसए के दूसरे चरण में किये जा रहे कार्यों की पर्याप्त मॉनिटरिंग करने एवं कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। राजे गुरूवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में मुख्यमंत्री जल स्वालम्बन अभियान के दूसरे चरण की समीक्षा के लिए आयोजित विभिन्न जिलों के प्रभारी सचिवों और अभियान से जुड़े विभागों के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रही थीं। बैठक में एमजेएसए के दूसरे चरण में अब तक की प्रगति एवं कार्यों को गति देने के उपायों पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल एमजेएसए के तहत हुए कार्यों की न केवल प्रधानमंत्री और अन्य केन्द्रीय मंत्रियों बल्कि दूसरे देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने भी खूब तारीफ की थी। हमें उस स्तर को अभियान के दूसरे चरण में भी बरकरार रखना है। उन्होंने प्रभारी सचिवों को निर्देश दिए कि अपने जिलों में जाकर वहां एमजेएसए के कार्यों को देखें और जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारियों के साथ बैठकर कार्यों की प्रगति की समीक्षा करें ताकि कार्य मानसून शुरू होने से पहले पूरे हो सकें। बैठक में मुख्य सचिव ओ पी मीना, मुख्यमंत्री सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष सी एस राजन, एमजेएसए से जुड़े विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रभारी सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement