जयपुर। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र राठौड़ ने गुरुवार को झुंझुनू जिले के चिड़ावा स्थित डालमिया खेल मैदान में आयोजित नशामुक्ति संकल्प कार्यक्रम में अपार जनसमूह को नशे से दूर रहने एवं इस बारे में समाज को जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
चिकित्सा मंत्री ने कहा कि प्रतिवर्ष देश में 10 लाख एवं प्रदेश में 50 हजार लोगों एवं प्रतिदिन लगभग 136 लोगों की मृत्यु तंबाकू सेवन से होती है। प्रतिवर्ष हजारों करोड़ का चिकित्सीय व्यय तंबाकू जनित रोगों के उपचार पर हो रहा है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार तंबाकू के कारण देश में 1 लाख करोड़ एवं राजस्थान में 1160 करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है।
चिकित्सा मंत्री ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रदेशभर में तंबाकू छोडऩे वालों के लिए उपचार व आवश्यक दवाइयों की व्यवस्था की जा रही है।