कपूरथला। विरासती शहर कपूरथला में शराब पीकर गाड़ी चलाने व ओवर स्पीड वाहन चलाने वालों को कानून का कोई डर नहीं है। शहर की ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली से ऐसे लगता है कि कपूरथला की ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाने का जिम्मा दो दर्जन के करीब कर्मचारियों के सहारे चल रहा है। एक तरफ ट्रैफिक व्यवस्था का जिम्मा व दूसरी तरफ वीआइपी ड्यूटी। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।ट्रैफिक पुलिस ड्यूटी के साथ-साथ यदि कर्मचारियों को सुविधा मुहैया करवाने की बात की जाए तो यहां पर ही कपूरथला ट्रैफिक पुलिस काफी पिछड़ी नजर आती है।
ट्रैफिक पुलिस के पास वाहनों की गति निर्धारित करने के लिए इंटरसेप्टर यंत्र भी नहीं है और बिना इंटरस्पेटर गाड़ी के सहारे वाहनों की रफ्तार जांच रही है। एक माह पहले चंडीगढ़ से डीटीओ कार्यालय में वाहनों की रफ्तार जांचने के लिए इंटरसेप्टर गाड़ी आई थी व उस समय ट्रैफिक पुलिस की सहायता के साथ करीब 185 ओवर स्पीड वाहनों के चालान काटे थे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रत्येक दिन कितने ओवर स्पीड वाहन सड़क हादसों को दावत देते सड़कों पर दौड़ रहे हैं। इंटरस्पेटर यंत्र न होने के कारण ओवर स्पीड वाहनों को रोककर चालान काटना ट्रैफिक पुलिस के लिए मुश्किल भरा काम है।
इसी प्रकार ही शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों को पकड़ने के लिए प्रयोग में आने वाले एल्कोमीटर भी कपूरथला ट्रैफिक पुलिस के पास सिर्फ दो ही हैं और ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों को दो एलकोमीटर के साथ काम चलाना पड़ रहा है। एल्कोमीटर यंत्र शराब पीकर गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों को पकड़ने के लिए प्रयोग में लाया जाता है। इस मीटर के माध्यम से पता लगाया जा सकता है कि वाहन चालक ने कितनी मात्रा में शराब पी है। शराब पीकर गाड़ी चलाने पर पकड़े जाने पर ट्रैफिक पुलिस वाहन चालक के विरुद्ध मौके पर कार्रवाई नहीं कर सकती। इसका कारण यह है कि एल्कोमीटर में शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोपी पाए जाने पर जुर्माना करने का अधिकार सीजेएम व जिला ट्रांसपोर्ट अधिकारी के पास होता है। शराबी हालत में गाड़ी चलाने वाले वाहन चालकों को ट्रैफिक नियमों के तहत भारी जुर्माना भी किया जाता है।जब ट्रैफिक इंचार्ज दर्शन लाल के साथ बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस के पास ओवर स्पीड वाहनों की जांच करने के लिए इंटरस्पेटर यंत्र ही नहीं है। लेकिन फिर भी यदि कोई वाहन चालक ओवर स्पीड गाड़ी चलाता पकड़ा जाता है तो उसका मौके पर चालान किया जाता है व शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों की जांच करने के लिए टै्रफिक पुलिस के पास दो एल्कोमीटर यंत्र मौजूद हैं।