khaskhabar.com: मंगलवार, 21 मार्च 2017 7:40 PM (IST)
जयपुर । राज्य जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के अध्यक्ष श्रीकृष्ण पाटीदार ने कहा कि प्रदेश के आमजन की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करना सरकार के सुशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अब आगामी अप्रैल माह से ग्राम पंचायत के बड़े गांवों में भी जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जावेगा।पाटीदार मंगलवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में उनके कक्ष में आयोजित जन अभाव अभियोग निराकरण समिति के राज्य स्तरीय सदस्यों की बैठक में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सीएम वसुंधरा राजे के सोच को साकार करने के लिए जनसुनवाई कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाना है जिसके लिए सभी राज्य स्तरीय सदस्यों को तत्परता बरतते हुए आमजन की शिकायतों को शीघ्र निराकरण कराने में अपनी अहम भूमिका निभानी चाहिए। इसके लिए सभी राज्य स्तरीय सदस्य अपने-अपने आवंटित जिलों में आयोजित जनसुनवाई के जरिये जिला जन अभाव अभियोग एवं सतर्कता समिति, उपखण्ड स्तर व सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की समीक्षा करें । पाटीदार ने कहा कि जनसुनवाई की सूचना पहले से ही ग्राम पंचायतों तक पहुंचा दी जानी चाहिए ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग अपनी शिकायतें लेकर आ सके। उन्होंने कहा कि केवल टेबिल कुर्सी पर बैठकर जनसुनवाई नहीं की जानी चाहिए। गांव के आंगनबाड़ी केन्द्रों, राशन की दुकानों व अन्य सरकारी संख्याओं का निरीक्षण किया जाना चाहिए और लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं के बारे में जानना चाहिये। उन्होंने बताया कि पांच से सात पंचायतों पर एक तहसीलदार अथवा नायबतहसीलदार, राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अथवा बीडीओ को एडोप्टर के रूप में नियुक्त किया गया है, जो समस्याओं के निराकरण की पूरी प्रक्रिया में जिला प्रशासन, सरकारी विभागों और आम जनता के बीच की कड़ी का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सम्पर्क पोर्टल पर लंबित शिकायतों पर नजर रखनी चाहिए। पाटीदार ने कहा कि सीएम की मंशा के अनुसार 1 अप्रैल से एस.डी.ओ द्वारा पंचायत मुख्यालय के बड़े गांवों में भी अब जनसुनवाई की जाएगी, इसमें सभी राज्यस्तरीय सदस्य भाग लेकर परिवेदनाओं का अधिकाधिक मौके पर ही निस्तारण करावें। सेन्टर फॉर गुड गवर्नेन्स के सदस्य सचिव राकेश वर्मा ने राज्यस्तरीय सदस्यों को जनसुनवाई कार्यक्रम के दूरगामी परिणाम की विस्तार से जानकारी देते हुए आमजन की शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराने के संबंध में जारी दिशा निर्देश एवं गाईड लाईन, सम्पर्क पोर्टल पर निस्तारित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त करने, शिकायतों के सत्यापन, राज्य स्तरीय सदस्यों की भूमिका आदि अन्य पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी। बैठक में राज्य स्तरीय सदस्यों में उदयपुर सांसद अर्जुन मीणा, कामा विधायक जगत सिंह, जिला प्रमुख जोधपुर पूनाराम चौधरी, नादौती पूर्व प्रधान बहादुर सिंह,धीरज गुप्ता, दिलीप सिंह मंडानी,प्रभू पाण्ड्या, बृजमोहन साहरण, प्रियशील हाडा,बाबूलाल सैनी, रामकिशोर मीणा, श्रीमती सविता मरोडिया एवं हिदायत खां धोलिया उपस्थित थे।