Invitation Extended to Governor and Chief Minister for Jaipur Foundation Day Celebrations; Mayor Sunil Kothari Meets with Dignitaries-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:20 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जयपुर स्थापना दिवस समारोह का राज्यपाल और मुख्यमंत्री को दिया निमंत्रण, महापौर सुनील कोठारी ने की मुलाकात

khaskhabar.com: सोमवार, 16 नवम्बर 2026 8:17 PM (IST)
जयपुर स्थापना दिवस समारोह का राज्यपाल और मुख्यमंत्री को दिया निमंत्रण, महापौर सुनील कोठारी ने की मुलाकात
-17 और 18 नवंबर को मनाया जाएगा 299वां स्थापना दिवस, गणेश निमंत्रण, कवि सम्मेलन, शहनाई वादन और दीप प्रज्वलन होंगे प्रमुख आकर्षण दिनेश तोमर जयपुर। गुलाबी नगरी जयपुर अपने गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक परंपराओं के 299वें स्थापना दिवस को भव्य उत्सव के रूप में मनाने जा रही है। इस अवसर पर नगर निगम जयपुर की ओर से 17 और 18 नवंबर को दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। समारोह में धार्मिक आस्था, साहित्य, संस्कृति और परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।
स्थापना दिवस समारोह के आयोजन को लेकर सोमवार को महापौर सुनील कोठारी ने राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दोनों को समारोह का निमंत्रण पत्र भेंट कर कार्यक्रमों में शामिल होने का आमंत्रण दिया। इस अवसर पर पूर्व महापौर पंकज जोशी, पार्षद प्रतिभा शर्मा, विमल अग्रवाल, शैलेंद्र भार्गव और सुभाष सिंघी भी मौजूद रहे।
गणेश निमंत्रण से होगी समारोह की शुरुआत
दो दिवसीय समारोह का शुभारंभ 17 नवंबर को सुबह 9 बजे मोती डूंगरी गणेश मंदिर में गणेश निमंत्रण अर्पित करने के साथ होगा। इसके बाद शाम 5 बजे बिरला ऑडिटोरियम में भव्य कवि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के जाने-माने कवि और कवयित्रियां अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को साहित्य और काव्य की विभिन्न रसधाराओं से रूबरू कराएंगे।
कवि सम्मेलन में वीर रस के प्रसिद्ध कवि हरिओम पंवार (मेरठ), हास्य-व्यंग्य कवि एहसान कुरैशी (मुंबई), दिनेश रघुवंशी (फरीदाबाद), सुरेश अलबेला (कोटा), प्रियंशु गजेंद्र (बाराबंकी), राव अजातशत्रु (उदयपुर) और कवयित्री दीपिका माही (चित्तौड़गढ़) अपनी प्रस्तुतियां देंगे। कार्यक्रम का संयोजन जयपुर के एकेश पार्थ करेंगे। हास्य, व्यंग्य, ओज और वीर रस की प्रस्तुतियां कवि सम्मेलन को समारोह का प्रमुख आकर्षण बनाएंगी।
जयपुर के ऐतिहासिक दरवाजों पर गूंजेगी शहनाई
स्थापना दिवस के अवसर पर जयपुर की पारंपरिक सांस्कृतिक पहचान को जीवंत करने के लिए शहर के प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर शहनाई वादन कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके तहत मोती डूंगरी गणेश मंदिर, न्यू गेट रामलीला मैदान, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट, जोरावर सिंह गेट, गंगापोल गेट, सूरजपोल गेट, चांदपोल गेट और घाटगेट पर शहनाई की मधुर स्वर लहरियां गूंजेंगी। इन प्रस्तुतियों के जरिए शहर के पारंपरिक उत्सवी माहौल को खास अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।
दीपों की रोशनी से जगमगाएगा स्टेच्यू सर्किल
समारोह के दूसरे दिन 18 नवंबर को धार्मिक अनुष्ठानों और दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। सुबह 9:30 से 10 बजे तक गंगापोल दरवाजे पर गणेश पूजन किया जाएगा। इसके बाद सुबह 10:30 से 11 बजे तक गोविंद देवजी मंदिर में दर्शन एवं पूजन का कार्यक्रम रखा गया है।
वहीं, शाम 5 बजे स्टेच्यू सर्किल पर दीप प्रज्वलन समारोह आयोजित होगा। दीपों की रोशनी से गुलाबी नगरी का वातावरण उत्सवमय होगा और जयपुर की ऐतिहासिक विरासत के प्रति नागरिकों की भावनात्मक सहभागिता भी प्रदर्शित होगी।
महापौर ने शहरवासियों से की सहभागिता की अपील
महापौर सुनील कोठारी ने जयपुर के समस्त नागरिकों से स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में सपरिवार शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शहर की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को उत्सव के रूप में मनाने के लिए सभी की भागीदारी जरूरी है। नगर निगम का प्रयास है कि 299वां स्थापना दिवस यादगार बने और जयपुर की सांस्कृतिक पहचान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा सके।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement