लखनऊ। भारतीय रेलवे की ख्याति अब धीरे-धीरे विदेशों में भी फैलनी शुरू हो गई है। रेलवे की ओर से पहले तंजानिया में रेल इंजन भेजा गया तो बांग्लादेश में रेलवे के एसी कोच भेजे गए। इसी कड़ी में अब रेलवे के इंजन दक्षिण अफ्रीका में चलने वाली ट्रेनों में लगाए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों की माने तो जल्द ही यहां से मीटर गेज के तीन इंजन भेजे जाएंगे, जो वहां की रेलगाडिय़ों के अनुरूप तैयार कर लगाए जाएंगे।
पूर्वोत्तर रेलवे के एक अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया, ‘‘इज्जतनगर मंडल के मीटरगेज इंजन अब साउथ अफ्रीका में ट्रेन खींचते नजर आएंगे। रेलवे की रेल इंडिया टेक्नीकल एंड इकनोमिकल सर्विस (आरआईटीएस) कंपनी ने मंडल कार्यालय से तीन रेल इंजन मांगे हैं, जिन्हें साउथ अफ्रीका के मोजांबिक रेल डिवीजन में चलाया जाएगा। इंजन भेजने से पहले उनकी रिपेयरिंग कारखाने में कराई जाएगी।’’