कपूरथला। बीती 13 सितंबर को कपूरथला-करतारपुर रोड पर स्थित गांव डैणविंड में एक धार्मिक स्थान को लेकर हुए झगडे में बजुर्ग बग्गा सिंह की मौत के मामले में आज नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने जिन 13 लोगों के खिलाफ धारा 3०4, 452, 148 के तहत मामला दर्ज किया था। वह सभी आरोपी घटना के दिन से ही फरार थे लेकिन सोमवार को उक्त सभी लोगों ने अपने परिवारिक सदस्यों संग पुलिस के ही सामने एसएसपी कार्यालय के बाहर पुलिस का ही पुतला फूंका।
सभी लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनसे ही उक्त मामले को रद्द करने की मांग कर दी। इससे पहले घटना के दिन बजुर्ग के परिवार ने भी रोड जाम कर कई घंटे धरना लगाया था। जिसके बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया था। लेकिन आज वही रास्ता आरोपों में घिरे परिवार ने अपनाया है।
एसएसपी कार्यालय के बाहर धरने को संबोधित करते हुए मामले के मुख्य आरोपी बनाए प्रीतम सिंह निवासी गांव डैणविंड ने कहा कि बीती 13 सितंबर को बग्गा सिंह की मौत घर में अचानक हुई थी। पुलिस ने सियासी लोगों के दबाव में आकर उनके सहित परिवार के 7 लोगों कों व 6 अज्ञात के खिलाफ झगड़ा करने का मामला दर्ज कर दिया था। पुलिस ने मामले में दर्शाया है कि बग्गा सिंह की झगड़े दौरान ही मौत हुई है लेकिन ऐसा हुआ ही नहीं है। उनकी मांग है कि किसी बड़े अधिकारी से मामले की जांच करवा कर मामले को रद्द किया जाए। फिर भी उन्हें इंसाफ न मिला तो वह संघर्ष को और तेज करेंगे।