HPSC PGT Recruitment Result: Conspiracy to exclude deserving youth – Ashok Buwaniwala-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 4:23 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

HPSC PGT भर्ती परिणामः योग्य युवाओं को बाहर करने की साजिश– अशोक बुवानीवाला

khaskhabar.com: शनिवार, 07 फ़रवरी 2026 1:46 PM (IST)
HPSC PGT भर्ती परिणामः योग्य युवाओं को बाहर करने की साजिश– अशोक बुवानीवाला
भिवानी। हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा हाल ही में जारी PGT कंप्यूटर साइंस भर्ती के परिणामों ने प्रदेश के हजारों शिक्षित युवाओं के भविष्य पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। ये बात प्रदेश कांग्रेस उद्योग सैल के चेयरमैन एवं सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार अशोक बुवानीवाला ने कहीं। कांग्रेस नेता ने कहा कि इस परिणाम ने सिस्टम की उस कड़वी सच्चाई को उजागर कर दिया है, जिसे अब तक विज्ञापनों के पीछे छुपाया जा रहा था। बुवानीवाला ने इस परिणाम पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि "यह चयन प्रक्रिया नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगार से बाहर रखने की एक सोची-समझी नीति है।" प्रमुख बिंदु जो सिस्टम की विफलता दर्शाते हैं:
पदों की संख्या बनाम चयन: कुल 1711 पदों के लिए विज्ञापन निकाला गया था, लेकिन चयन मात्र 39 उम्मीदवारों का हुआ है। यह आंकड़ा अपने आप में चौंकाने वाला और दुर्भाग्यपूर्ण है।
मेरिट या षड्यंत्र? क्या हरियाणा के हजारों NET, GATE और HTET पास युवाओं में इतनी भी योग्यता नहीं कि वे 1700 पदों को भर सकें? मात्र 2% पदों को भरना यह दर्शाता है कि प्रश्न पत्र का स्तर या मूल्यांकन प्रक्रिया जानबूझकर इतनी कठिन रखी गई ताकि पद खाली रह जाएं।
युवाओं के साथ खिलवाड़: सालों तक तैयारी करने वाले उम्मीदवारों को आज निराशा हाथ लगी है। सरकार और आयोग की यह 'छंटनी नीति' प्रदेश के तकनीकी शिक्षा ढांचे को कमजोर कर रही है।
अशोक बुवानीवाला ने मांग की है कि इस भर्ती प्रक्रिया और मूल्यांकन पद्धति की समीक्षा की जाए। उन्होंने सवाल किया कि यदि योग्य उम्मीदवार नहीं मिल रहे, तो क्या यह हमारी शिक्षा प्रणाली की विफलता है या फिर चयन मानकों को जानबूझकर अव्यावहारिक बनाया गया है? "हम चुप नहीं बैठेंगे। यह मेरिट के नाम पर युवाओं के हक पर डाका है। अगर 1711 पदों में से 1650 से ज्यादा पद खाली रह जाते हैं, तो यह सीधे तौर पर प्रशासनिक विफलता है।"

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement