Himachal minister Vikramaditya Singh could not be produced due to lawyers strike, next date given in both the cases-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:41 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

वकीलों की हड़ताल की वजह से नहीं हो पाई हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह की पेशी

khaskhabar.com: शनिवार, 18 मार्च 2023 7:03 PM (IST)
वकीलों की हड़ताल की वजह से नहीं हो पाई हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह की पेशी
उदयपुर। हिमाचल के लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह की पेशी शनिवार को प्रदेश में चल रही वकीलों की हड़ताल की वजह से नहीं हो पाई। इसके चलते उदयपुर की अदालतों में चल रहे घरेलु हिंसा के मामले के अलावा पारिवारिक न्यायालय चल रहे भरण पोषण के मामले में उन्हें पेश होने के लिए अगली तारीख दी गई हैं। घरेलु हिंसा के मामले में उन्हें अब 19 अप्रेल को तथा पारिवारिक न्यायालय में 29 अप्रेल को पेश होना है। वकीलों की सुरक्षा को लेकर कानून बनाए जाने के मामले को लेकर उदयपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश भर के वकील हड़ताल पर चल रहे हैं। हालांकि राज्य सरकार की ओर से आगामी 21 मार्च को वकीलों की सुरक्षा अधिनियम को लेकर विधानसभा में बिल पेश किया जाएगा, लेकिन वह अधिनियम में संशोधन को लेकर 21 मार्च तक हड़ताल पर हैं। इसके चलते शनिवार को उदयपुर की किसी भी अदालत में कामकाज नहीं हो पाया। केवल गिरफ्तार आरोपियों को पेश करने तथा सुनवाई की तारीख बदलने का ही काम चल रहा है। इसी के चलते हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ उदयपुर की दो विभिन्न अदालतों में पेशी भी नहीं हो पाई। उनकी पत्नी सुदर्शना सिंह चूण्डावत की ओर से चल रहे घरेलु हिंसा के मामले में उन्हें अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम—2 की अदालत में विक्रमादित्य सिंह ही नहीं, बल्कि उनकी मां प्रतिभा सिंह के अलावा ननद और उनके पति को पेश होना था। जबकि भरण पोषण के मामले में शनिवार को ही पारिवारिक अदालत में विक्रमादित्य सिंह को पेश होना था। पिछली तारीख में पेश नहीं हुए परिजन
विक्रमादित्य सिंह की पत्नी सुदर्शना सिंह चूण्डावत के वकील भंवर सिंह देवड़ा का कहना है कि घरेलु हिंसा के मामले में गत 20 जनवरी को विक्रमादित्य सिंह के अलावा उनकी मां प्रतिभा सिंह, बहन अपराजिता तथा बहनोई अंगद सिंह को अदालत में पेश होना था। तब उनके पेश नहीं होने पर अदालत ने 18 मार्च को अदालत में उपस्थित होने के लिए कहा था। अब वकीलों की हड़ताल के चलते उन्हें राहत मिल गई और एक महीने का अतिरिक्त समय मिल गया। अब उन्हें 19 अप्रेल को पेश होना है। जबकि पारिवारिक न्यायालय में केवल विक्रमादित्य सिंह को 29 अप्रेल को पेश होना होगा।
आमेट की राजकुमारी सुदर्शना से हुई थी विक्रमादित्य सिंह की शादी
33 वर्षीय विक्रमादित्य सिंह हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। गत वर्ष 2021 में उनके पिता की मृत्यु के बाद विक्रमादित्य को बुशहर—शिमला का राजा बनाया गया था। उनकी शादी मेवाड़ के आमेट रियासत की राजकुमारी सुदर्शना सिंह चुण्डावत से 8 मार्च 2019 को जयपुर के कानोतागढ़ पैलेस में हुई थी। सुदर्शना सिंह का परिवार उदयपुर स्थित आमेट की हवेली में रहता है। सुदर्शना सिंह के मुताबिक उनके ससुर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की मौत के बाद पति विक्रमादित्य सिंह उन्हें प्रताड़ित करने लगे। जिसमें उनकी सास प्रतिभा सिंह, ननद अपराजिता तथा ननदोई अंगद सिंह पति का साथ देते थे। सुदर्शना सिंह चूण्डावत ने यह भी आरोप लगाया कि पति विक्रमादित्य सिंह के चंड़ीगढ़ की अमरीन नामक युवती से संबंध हैं और वह उनसे शादी करना चाहते हैं। जिसका विरोध करने पर उसे प्रताड़ित किया गया। जिस पर वह उदयपुर लौट आई और यहां अपने पिता के घर रहने लगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement