Hearing and permission of director mandatory before passing an order containing allegations: Tribunal declared Dr. S.K. Sharmas termination illegal-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 2:34 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

लांछनयुक्त आदेश से पहले सुनवाई और निदेशक की अनुमति अनिवार्य: अधिकरण ने डॉ. एस.के. शर्मा की सेवा समाप्ति को बताया अवैध

khaskhabar.com: शुक्रवार, 04 जुलाई 2025 8:44 PM (IST)
लांछनयुक्त आदेश से पहले सुनवाई और निदेशक की अनुमति अनिवार्य: अधिकरण ने डॉ. एस.के. शर्मा की सेवा समाप्ति को बताया अवैध
अजमेर। राजस्थान विद्यापीठ कुल विजय सिंह पथिक श्रमजीवी महाविद्यालय अजमेर में व्याख्याता के पद पर कार्यरत डॉ. एस.के. शर्मा की सेवा समाप्ति को राजस्थान गैर सरकारी शैक्षिक संस्था अधिकरण, जयपुर ने अवैध करार देते हुए निरस्त कर दिया है। अधिकरण ने उन्हें समस्त लाभों सहित पुनः सेवा में बहाल करने के आदेश पारित किए हैं। अधिकरण ने अपने आदेश में यह स्पष्ट किया है कि यदि किसी शिक्षक पर लांछन लगाए जाते हैं तो सेवा समाप्त करने से पूर्व न केवल उचित सुनवाई का अवसर दिया जाना अनिवार्य है, बल्कि अंतिम आदेश पारित करने से पहले शिक्षा निदेशक से पूर्व अनुमति लेना भी आवश्यक है। इन दोनों बिंदुओं की अवहेलना, सेवा समाप्ति को अवैध बनाती है। प्रकरण में डॉ. एस.के. शर्मा की ओर से उनके अधिवक्ता डी.पी. शर्मा ने अधिकरण के समक्ष अपील प्रस्तुत की थी। इसमें कहा गया कि प्रबंधन समिति ने बिना किसी पूर्व सूचना या स्पष्टीकरण का अवसर दिए, सेवा समाप्ति का आदेश पारित कर दिया। आदेश में छह माह का वेतन देकर सेवा से पृथक कर दिया गया, साथ ही आदेश में गंभीर लांछन भी लगाए गए, जो कर्मचारी के सम्मान और पेशेवर छवि पर आघात करने वाले थे।
अधिवक्ता डी.पी. शर्मा ने दलील दी कि राजस्थान गैर सरकारी शैक्षिक संस्था अधिनियम 1989 की धारा 18 और नियम 39 के अनुसार किसी भी शिक्षक की सेवा समाप्ति से पूर्व न केवल कारण बताओ नोटिस देना, बल्कि शिक्षा निदेशक से पूर्व अनुमति प्राप्त करना भी कानूनी रूप से अनिवार्य है। इस मामले में दोनों ही आवश्यक प्रक्रियाओं का उल्लंघन किया गया।
सुनवाई के पश्चात अधिकरण ने माना कि सेवा समाप्ति आदेश न केवल प्रक्रियागत रूप से त्रुटिपूर्ण है, बल्कि यह प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का उल्लंघन भी करता है। ऐसे में उक्त आदेश निरस्त करते हुए डॉ. एस.के. शर्मा को सभी सेवा लाभों के साथ पूर्ववत पद पर पुनः बहाल करने के आदेश दिए गए हैं।
इस निर्णय को निजी शिक्षण संस्थानों के कर्मचारियों के लिए एक मील का पत्थर माना जा रहा है, जो यह सुनिश्चित करता है कि संस्थाएं मनमाने निर्णय नहीं ले सकतीं। इससे कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा को बल मिलेगा और संस्थागत पारदर्शिता को बढ़ावा मिलेगा।
डॉ. एस.के. शर्मा ने इस फैसले पर संतोष जताते हुए कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत न्यायिक जीत नहीं है, बल्कि उन सभी शिक्षकों के लिए उम्मीद की किरण है जो चुपचाप अन्याय सहते हैं। उन्होंने कहा कि अब वे और भी ज्यादा समर्पण और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement