एक साथ चेन स्नेचिंग की आधा दर्जन वारदात, एक ही गिरोह होने की आशंका
khaskhabar.com: शनिवार, 31 दिसम्बर 2016 09:14 AM (IST)
चित्तौडग़ढ़। शहर में मंगलवार को एक साथ आधा दर्जन चेन स्नेचिंग की वारदात में एक ही गिरोह की लिप्तता सामने आ रही है। ऐसी ही वारदात मध्यप्रदेश के उज्जैन में भी हुई हैं। जिसके बाद चित्तौड़ पुलिस ने उज्जैन पुलिस से वारदात में लिप्त बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए हैं। चित्तौडग़ढ़ शहर में मंगलवार को एक ही दिन में चेन स्नेचिंग की वारदात हुई थीं। वहीं दो वारदात निम्बाहेड़ा में हुई थी। ऐसे में मामले का खुलासा करना पुलिस के समक्ष चुनौती बन गया है। बदमाशों के मध्यप्रदेश की सीमा में जाने की आशंका है। ऐसे में पुलिस की टीम बुधवार को ही मध्यप्रदेश भेज दी थी। गुरुवार को उज्जैन में चेन स्नेचिंग की वारदात हुई है, जिसकी जानकारी चित्तौडग़ढ़ पुलिस को मिली है। उज्जैन पुलिस ने भी वारदात में लिप्त संदिग्ध युवकों के सीसीटीवी फुटेज जारी किए है। चित्तौडग़ढ़ पुलिस ने उक्त फोटो मंगवाए हैं, जो काफी स्पष्ट है। इन फोटो को चित्तौडग़ढ़ में भी पीडि़तों को दिखाया गया। कुंभानगर निवासी बसंतीबाई के यहां फोटो दिखाए। इनकी पौत्री राखी ने फोटो देख, जिनमें से एक ही जैसे बदमाश प्रतीत हुए हैं। वहीं, शास्त्रीनगर क्षेत्र में बालकों ने उक्त फोटो पर चित्तौडग़ढ़ में हुई वारदात में लिप्त होने की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में पुलिस अभी दोनों ही शहरों में हुई वारदात के सीसीटीवी फुटेज का मिलान कर रही है। वहीं मध्यप्रदेश पुलिस के भी सम्पर्क में है। चित्तौडग़ढ़ पुलिस ने वारदात के दौरान विभिन्न मोबाइल टावर से कॉल डिटेल निकलवाई है।