GST- Cloth market closed in Baran for sixth day, traders created human chain-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 26, 2026 10:40 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जीएसटी:छठे दिन भी कपडा़ बाजार बंद, व्यापारियों ने बनाई मानव श्रृंखला

khaskhabar.com: सोमवार, 10 जुलाई 2017 8:32 PM (IST)
जीएसटी:छठे दिन भी कपडा़ बाजार बंद, व्यापारियों ने बनाई मानव श्रृंखला
बारां। जीएसटी के विरोध में आंदोलन के दूसरे चरण में सोमवार को छठे दिन कपडा़ व्यापारियों ने मानव श्रृंखला बनाकर शहर के प्रताप चौक पर एक घंटे तक नारेबाजी की और जीएसटी का पुरजोर विरोध किया। कपडा़ व्यापार संघ के प्रवक्ता श्याम जोशी ने बताया कि आंदोलन के दूसरे चरण में सोमवार को छठे दिन भी कपडा़ कारोबारियों ने जिला मुख्यालय सहित कस्बों में कपडा़ व्यापार बंद रखकर कपडा़ कारोबार में जीएसटी के प्रवेश का डटकर विरोध किया। सुबह सभी व्यापारी रणनीति के अनुसार इंद्रा मार्केट स्थित कपडा़ व्यापार संघ कार्यालय पर एकत्र हुए, जहां संघर्ष समिति अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजय ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पूरे देश का कपडा व्यापारी आजादी के बाद पहली बार कपडे पर लागू किए गए जीएसटी टैक्स का डटकर विरोध कर रहा है। व्यापारी इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेगा, चाहे आंदोलन कितना ही लंबा चलाना पडा। आंदोलन की एकजुटता पर जोर देते हुए विजय ने कहा कि किसी भी आंदोलन की सफलता के लिए व्यापारियों की एकजुटता आवश्यक है। कपडा़ व्यापार संघ अध्यक्ष सुरेश गोयल ने कारोबारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले एक पखवाडे से कपडा कारोबारी आंदोलनरत है। पहले 26 से 30 तक कारोबार बंद रखा। दूसरे चरण में 5 तारीख से ही कपडा व्यापारी आंदोलनरत है। आंदोलन को किसी भी सूरत में कमजोर नही होने दिया जाएगा जब तक सरकार कपडा कारोबार से जीएसटी वापस नही लेती है तब तक आंदोलन जारी रहेगा। यहां से कपडा व्यापारियों का मौन जुलूस शहर के प्रमुख मार्गो से होता हुआ प्रताप चैक पहुंचा जहां पर 200 से अधिक कारोबारियों ने एक घंटे तक मानव श्रृंखला बनाकर आवागमन को अवरूद्व कर दिया एवं इस दौरान नारेबाजी करते हुए जीएसटी एक्ट को वापस लो, जीएसटी है या लूट है, लूट है भाई लूट है के नारे लगाए। व्यापारियों द्वारा शहर के प्रमुख मार्गो से केंद्र सरकार का ध्यान आकर्षित करने को लेकर केण्डल मार्च निकाला गया जिसका समापन प्रताप चैक पर किया गया।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement