आगरा। आगरा में आधी रात को गोदाम में लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया जिससे करीब एक दर्जन घरों में दरारें आ गई। लोग घरों से बाहर निकल आए। देर रात तक स्थानीय लोग दमकल कर्मियों के साथ आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे रहे। आवास विकास सेक्टर-7 में माधव पैलेस के सामने एक बड़ा प्लॉट है जहां शटरिंग का काम करने वाले एक व्यक्ति ने गोदाम बना रखा है।
गोदाम में बांस-बल्लियां सहित अन्य सामान रखा था। गोदाम के आसपास मकान बने हुए हैं। अज्ञात कारणों के चलते रात को गोदाम में भीषण आग लग गई। जिसके बाद आस-पास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने छतों पर रखीं टंकियों से पानी लेकर आग को काबू में करने का प्रयास किया लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही देर में दमकल की एक गाड़ी पहुंच गई लेकिन दमकल का पानी भी जल्द ही खत्म हो गया। इधर लपटें थमने का नाम नहीं ले रही थीं। दमकल की दो अन्य गाड़ियां भी घटनास्थल पर पहुंची जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।