सोनीपत। उत्तरप्रदेश में एक पखवाड़े के भीतर पांच हत्याओं को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को सोनीपत पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं जिला पुलिस अधीक्षक हरदीप सिंह दून ने शनिवार को यह जानकारी दी। दून ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाश अमित उर्फ मोनू व नितिन राठी रोहटा जिला मेरठ व गांव टीकरी जिला बागपत के रहने वाले है। दोनों बदमाशों पर उत्तरप्रदेश पुलिस ने 50-50 हजार रूपये का ईनाम घोषित कर रखा था। सोनीपत पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सोनीपत के सेक्टर-7 स्थित देवीलाल पार्क के पीछे एक घर में हथियारों के साथ कुछ बदमाश अपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। लेकिन जब पुलिस इन बदमाशों को पकडऩे पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा के लिए जवाबी फायरिंग की और दोनों बदमाशों को दबोच लिया।