Eknath Khadse resigned from post -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 8:06 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

धूमिल होती भाजपा की साफ छवि,एकनाथ खडसे को हटना पडा

khaskhabar.com:
धूमिल होती भाजपा की साफ छवि,एकनाथ खडसे को हटना पडा
मुंबई। भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री एकनाथ खडसे ने शनिवार को मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। उन पर भूमि घोटाले और अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से कथित संबंधों के आरोप लगे हैं।सूत्रों के मुताबिक, खडसे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की और सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। सरकार ने उनके खिलाफ लगे आरोपों की जांच बंबई उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराने की घोषणा की है। सूत्रों के मुताबिक, कभी मुख्यमंत्री पद के दावेदार रहे खडसे (63) के पास राजस्व, अल्पसंख्यक विकास एवं वक्फ, राज्य उत्पाद, राहत एवं पुनर्वास, भूकंप पुनर्वास, बागवानी, कृषि और पशुपालन, डेयरी विकास और मछली पालन विभाग थे। इससे पहले शुक्रवार को फडणवीस ने भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह से नई दिल्ली में मुलाकात की और इस मुद्दे पर उन्हें विस्तृत जानकारी सौंपी। इसके बाद फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी बैठक की और इस विवाद से राज्य में धूमिल हो रही भाजपा की साफ छवि से अवगत कराया।
खडसे पिछले कुछ सप्ताह से विवादों में हैं। भ्रष्टाचार मामलों में वह सत्तारूढ़ गठबंधन की सहयोगी पार्टी शिवसेना सहित कांग्रेस, नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) और आम आदमी पार्टी (आप) और सामाजिक कार्यकर्ताओं की आलोचना झेल रहे हैं।
खडसे ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए स्वयं को निर्दोष साबित करने की प्रतिबद्धता जताई।
आपको बता दें कि दो-तीन दिन से खडसे के इस्तीफे के कयास लगाए जा रहे थे। उनके खिलाफ बीजेपी की सहयोगी पार्टी शिवसेना, कांग्रेस और खुद उनकी पार्टी बीजेपी में भी आवाजें उठ रही थीं।
हालांकि, खडसे को शुक्रवार को बीजेपी ने क्लीन चिट दी थी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रावसाहेब दानवे ने खडसे के खिलाफ किसी भी कार्रवाई से इनकार कर दिया था। राज्य के वित्तमंत्री सुधीर मुनगंटीवार और प्रकाश मेहता ने भी कहा था कि सरकार और संगठन दोनों खडसे के साथ हैं।

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement