District Child Labor Task Force meeting concluded-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:01 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

जिला बाल श्रम टास्क फोर्स की बैठक हुई सम्पन्न

khaskhabar.com: मंगलवार, 31 दिसम्बर 2024 5:42 PM (IST)
जिला बाल श्रम टास्क फोर्स की बैठक हुई सम्पन्न
झालावाड़। जिला बाल श्रम रोकथाम हेतु गठित टास्क फोर्स की बैठक जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में मंगलवार को मिनी सचिवालय के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला कलक्टर ने बाल श्रम के अन्तर्गत सभी नियमों पर चर्चा करते हुए उपस्थित सदस्यों एवं अधिकारियों से कहा कि जिले में आमजन को बाल श्रम की रोकथाम हेतु जागरूक करें। उन्होंने मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि किसी भी विद्यालय में कोई भी विद्यार्थी 30 दिन से लगातार अनुपस्थित रहता है तो उसकी सूचना श्रम विभाग को दें तथा अनुपस्थित नहीं रहने की स्थिति में भी सूचना से अवगत कराएं। उन्होंने बाल अधिकारिता विभाग द्वारा चाइल्ड हैल्पलाइन 1098 के प्रचार-प्रसार हेतु मिनी सचिवालय परिसर में होर्डिंग लगवाने के संबंध में पालना सुनिश्चित करवाने के निर्देश दिए।
ई-श्रम कार्ड योजना में पंजीयन बढ़ाने के दिए निर्देश
जिला कलक्टर ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना में पंजीयन की स्थिति की समीक्षा की तथा ई-श्रम योजना में पंजीयन हेतु निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के संबंध में आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
बैठक में जिला कलक्टर ने बताया कि जिले के विभिन्न विभागों को उनके यहां कार्यरत पात्र असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के केन्द्र सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं ई-श्रम योजना में पंजीयन एवं नामांकन हेतु लक्ष्यों का निर्धारण किया गया है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए गए लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला श्रम कल्याण अधिकारी अजय व्यास ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना एवं ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन हेतु पात्रता के बारे में जानकारी प्रदान की।
जिला स्तरीय बन्धक श्रमिक सतर्कता समिति की बैठक में दिए निर्देश
जिला स्तरीय बन्धक श्रमिक सतर्कता समिति की बैठक में जिला कलक्टर ने उपखण्ड अधिकारियों द्वारा उपखण्ड स्तरीय बन्धक श्रमिक सतर्कता समितियों के पुनर्गठन करने तथा प्रत्येक दो माह में उक्त समिति की बैठक करवाने सहित बन्धक श्रमिकों के छः माही सर्वे की रिर्पोट श्रम विभाग में भिजवाने हेतु निर्देशित किया।
भवन व अन्य निर्माण कार्यों में कार्यरत कामगार के संबंध में दिए निर्देश
जिला स्तरीय भवन एवं अन्य संनिर्माण श्रमिक टास्क फोर्स की बैठक में निर्देश दिए कि भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण उपकर अधिनियम 1996 के अन्तर्गत उपकर संग्रहण विभाग यथा समय ठेकेदारों के बिल से एवं नगरीय निकाय भवन निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों की स्वीकृति के समय नवीनतम उपकर दर से कटौती करें एवं प्राप्त उपकर को संबंधित हेड में जमा कराएं। बैठक में जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को उपकर की कटौती एवं जमा की विस्तृत रिपोर्ट अविलम्ब प्रत्येक माह की 5 तारीख को श्रम विभाग को भिजवाने के निर्देश दिए।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (महिला अनुसंधान सेल) विजय कुमार, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी रामसिंह मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हेमराज पारेता, जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता वी.सी. गोयल, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक अमृतलाल मीणा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement