khaskhabar.com: बुधवार, 17 अगस्त 2016 9:59 PM (IST)
धौलपुर। जिले के सैपऊ उपखंड के गांव फूटा का नगला के ग्रामीणों ने फसल खराबे के मुआवजे की मांग को लेकर जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन पर फसल खराबे को लेकर हल्का पटवारी से लेकर जिला प्रशासन के आला अधिकारियों पर भेदभाव का भी आरोप लगाया है।
ग्रामीणों ने बताया कि दो हफ्ते पूर्व हुई बारिश से गांव फूटे का नगला सहित आसपास के ग्रामीणों की बाजरा, दलहन, तिलहन, मक्का, मूंग, उड़द की फसल बर्बाद हो गई है। बारिश इतनी अधिक हुई कि अभी तक खेतों में पानी भरा हुआ है। इस कारण फसलें गलने लगी हैं। साथ ही पशुओं के लिए चारे का भी संकट हो गया है। ऐसे में ग्रामीणों को मजबूरन गांव से पलायन करना पड़ सकता है। ग्रामीणों ने बताया कि फसल खराबे की मांग को लेकर उपखंड प्रशासन से लेकर जिला प्रशासन तक गुहार लगा चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने फसल का जायजा तक नहीं लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि किसानों की फसल का सर्वे कर उचित मुआवजा नहीं दिया तो किसान सडक़ पर आंदोलन करेंगे।