ऊना। प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार 21 अप्रैल से 20 मई तक भांग उखाडो राज्य व्यापी विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से प्रदेश भर में समाज की समुचित सहभागिता से भांग के पौधों को बडे पैमाने पर नष्ट किया जाएगा तथा नशाखोरी के खिलाफ व्यापक जन जागरूकता लाई जाएगी। इसी अभियान की जिला में शुरूआत करते हुए कार्यकारी उपायुक्त राजेश कुमार मारिया ने आज उपायुक्त कार्यालय परिसर में जिला के विभिन्न विभागों के अधिकारियों को भांग का प्रयोग स्वयं व दूसरों को न करने देने तथा नशे के राक्षस को जन मानसिकता से समूल नाश के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई। साथ ही अधिकारियों व कर्मचारियों ने भांग के दुष्प्रभावों बारे जन जागरूकता लाने में अपना संपूर्ण सहयोग देने एवं जिला को पूरी तरह से भांग मुक्त बनाने के लिए अपना पूरा प्रयास करने की शपथ भी ली।
इस अवसर पर एसडीएम पृथी पाल सिंह, दिले राम धीमान, धनवीर ठाकुर, सहायक आयुक्त विनय मोदी, पीओ डीआरडीए राजेन्द्र गौतम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण मौजूद थे।