मुख्य सचिव ने की ग्राम-2016 की तैयारियों की समीक्षा
khaskhabar.com: शुक्रवार, 28 अक्टूबर 2016 00:51 AM (IST)
जयपुर।
मुख्य सचिव ओ.पी. मीना ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में नवम्बर माह
में जयपुर में आयोजित होने वाले कार्यक्रम ग्लोबल राजस्थान
एग्रीटेक मीट 2016 (ग्राम) की तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने इस आयोजन के सम्बंध में विभिन्न समितियों के प्रभारियों को आवश्यक दिशा
निर्देश दिए। मीना ने निर्देश दिए कि इस कार्यक्रम में प्रदेश के दूर दराज हिस्सों
से भाग लेने वाले किसानों के परिवहन और भोजन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित
कर ली जाएं। उन्होंने इस कार्यक्रम में कृषि और सम्बद्ध क्षेत्रों के ख्यातनाम
विशेषज्ञों को भी बुलाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को वितरित किए जाने
वाले कृृषि साहित्य को आम बोलचाल की भाषा में तैयार करवाने के भी निर्देश दिए।
प्रमुख शासन सचिव कृृषि श्रीमती नीलकमल
दरबारी ने बताया कि इस कार्यक्रम में किसानाें को लाने के लिए 900 बसों की
व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही 3 विशेष ट्रेनों का भी
संचालन किया जाएगा। मुख्य सचिव ने इस सम्बंध में परिवहन समिति के समन्वयक को
आवश्यक निर्देश दिए। श्रीमती दरबारी ने बताया कि ग्राम के दौरान जाजम बैठक के
माध्यम से किसानों को नवीनतम तकनीक की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने मुख्य सचिव को
कार्यक्रम की तैयारियों की अब तक की प्रगति से अवगत कराया।
इससे पूर्व फिक्की द्वारा इस कार्यक्रम के
सम्बंध विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। बैठक में ग्राम आयोजन के लिए गठित समितियों के
समन्वयकों सहित विभिन्न विभागों के अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।