जयपुर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा उत्तरप्रदेश में निकाली जा रही किसान यात्रा के पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से 6 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित संसद मार्ग पर भव्य रैली का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान हजारों की संख्या में राजस्थान से कांग्रेसजन दिल्ली पहुंचकर रैली में भाग लेंगे। प्रदेश के कांग्रेसजन दिल्ली स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पर एकत्र होंगे। वहां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट द्वारा प्रदेश के किसानों की समस्याओं के संबंध में राहुल गांधी को ज्ञापन दिया जाएगा। इसके बाद प्रदेश के सभी कांग्रेसजन संसद मार्ग पर होने वाली रैली में शामिल होंगे। रैली की व्यवस्थाओं के लिए प्रदेश से दिल्ली जाने वाले सभी राजमार्गों पर प्रदेश कांग्रेस की ओर से चैक पोस्ट बनाए गए हैं तथा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लोग पारंपरिक वेशभूषा में रैली स्थल तक पहुंचेंगे।