Chief Minister gifts developmental projects in Nadaun assembly constituency-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 1:21 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

मुख्यमंत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र में दी विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात

khaskhabar.com: मंगलवार, 09 जनवरी 2024 9:40 PM (IST)
मुख्यमंत्री ने नादौन विधानसभा क्षेत्र में दी विकासात्मक परियोजनाओं की सौगात
- जेओए (आईटी) का नतीजा जल्द निकलेगा, कोर्ट मामलों की वजह से 4 साल लटका रहा हमीरपुर । मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंगलवार को नादौन विधानसभा क्षेत्र के लिए तीन विकासात्मक परियोजनाओं के शिलान्यास व लोकार्पण किए। इनमें धनेटा में 7.60 करोड़ रुपए की लागत से राजकीय स्नातक महाविद्यालय धनेटा के बी-ब्लॉक के भवन के साथ-साथ धनेटा में 2.29 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले ग्रामीण पेयजल एवं स्वच्छता समिति (वीड्ब्ल्यूएससी) भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने 1.21 करोड़ रुपए की लागत से बनी उठाऊ पेयजल परियोजना जनसमूह का लोकार्पण भी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री का नादौन के पास अंतर में शिमला से पहुंचने पर लोगों ने जोरदार स्वागत किया उसके बाद मुख्यमंत्री गाड़ी से धनेटा पहुंचे। लेकिन रास्ते में जगह-जगह उनके स्वागत में लोग खड़े हुए थे, वे उन सभी से मिले।
काबिले गौर यह है कि मुख्यमंत्री पिछले कुछ समय से अस्वस्थ रहे थे और इसी वजह से उनका क्षेत्र में आना नहीं हो पाया था। काफी समय के बाद मुख्यमंत्री के इलाके में पहुंचने से लोग भी स्वागत में निकले। पैतृक गांव के पास उनकी माता भी गांव वासियों के साथ ढोल नगाड़े के साथ मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मुख्य सड़क पर पहुंची।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने धनेटा कॉलेज के लिए 25 करोड़ रुपए का प्रावधान किया है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को लाभ मिलेगा। इसके साथ ही नादौन विधानसभा क्षेत्र के खरीड़ी में इनडोर स्टेडियम बनाया जाएगा, जिसका जल्द ही शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार को पिछली भाजपा सरकार से कर्ज विरासत में मिला है, लेकिन अब धीरे-धीरे प्रदेश की अर्थव्यवस्था पटरी पर आ रही है तथा एक वर्ष में ही 20 प्रतिशत का सुधार आया है।
उन्होंने कहा कि पिछले 4 साल से जेओए (आईटी) परीक्षा परिणाम कोर्ट मामलों की वजह से लंबित रहा है लेकिन अब इसे जल्द ही घोषित किया जाएगा। राज्य ने इस लड़ाई को सुप्रीम कोर्ट तक लड़ा तथा फैसला राज्य सरकार के हक में आया है। उन्होंने कहा कि पुलिस भर्ती में महिला आरक्षण को बढ़ाकर 30 प्रतिशत किया गया है।
हमीरपुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष एवं कांगड़ा सहकारी बैंक के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा के दौरान सशक्त नेतृत्व प्रदान किया तथा नीति आयोग व विश्व बैंक सहित अन्य कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने मुख्यमंत्री की नेतृत्व क्षमता की सराहना की।
उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान मुख्यमंत्री ने अपनी जमा पूंजी से 51 लाख रुपये दान में दिए तथा कोविड के समय में 11 लाख रुपये दान में दिए थे। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू आम परिवार से सम्बन्ध रखते हैं तथा वे आम जनता की दर्द को अच्छी तरह समझते हैं। इसलिए मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों के लिए मुआवजे में ऐतिहासिक बढ़ौतरी कर पूरे देश में एक मिसाल पेश की है।
नादौन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन पृथ्वी चंद ने मुख्यमंत्री का नादौन विधानसभा क्षेत्र में पहुंचने पर स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में आपदा के दौरान बेहतर कार्य हुआ। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नादौन विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ पूरे हिमाचल का एक समान विकास हो रहा है।
इससे पहले, विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, पूर्व विधायक मनजीत डोगरा, राज्य कौशल विकास निगम के समन्वयक अतुल कड़ोहता, राज्य कांग्रेस प्रवक्ता विजय डोगरा, कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पिंदर वर्मा, प्रेम कौशल, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक डॉ. आकृति शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने नादौन पहुंचने पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वागत किया। धनेटा में विभिन्न संगठनों ने भी मुख्यमंत्री को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज नादौन विधानसभा क्षेत्र में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम के तहत मनसाई और सदोह में जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समस्याओं का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश भी दिए।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement