Chandigarh. Vikas Gupta Demands Public Apology from Rajesh Kalia-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 20, 2026 5:32 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

विकास गुप्ता ने राजेश कालिया से सार्वजनिक माफी मांगने की उठाई मांग

khaskhabar.com: मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 4:06 PM (IST)
विकास गुप्ता ने राजेश कालिया से सार्वजनिक माफी मांगने की उठाई मांग
चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी के नेता प्रेम गर्ग और भाजपा नेता एवं पूर्व मेयर राजेश कालिया के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई बयानबाजी अब सामाजिक विवाद का रूप लेती दिखाई दे रही है। प्रेम गर्ग की एक पोस्ट पर राजेश कालिया की प्रतिक्रिया में पूरे समाज को लेकर की गई टिप्पणी से अग्रवाल समाज के लोगों में नाराजगी है। समाज के लोगों का कहना है कि दो नेताओं के बीच व्यक्तिगत या राजनीतिक विवाद को पूरे समुदाय से जोड़ना उचित नहीं है। दरअसल, प्रेम गर्ग ने व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर राजेश कालिया को लेकर टिप्पणी की थी, जिस पर कालिया ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई। बाद में प्रेम गर्ग ने संबंधित पोस्ट हटा दी, लेकिन तब तक उसका स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर फैल चुका था। इसके बाद विवाद ने तूल पकड़ लिया। अब सवाल उठ रहे हैं कि यदि प्रेम गर्ग की टिप्पणी आपत्तिजनक थी तो उसका जवाब व्यक्तिगत स्तर पर दिया जाना चाहिए था। किसी एक व्यक्ति के बयान के लिए पूरे अग्रवाल या बनिया समाज को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। इस मामले में पूर्व पार्षद देशराज गुप्ता के बेटे विकास गुप्ता ने राजेश कालिया से बनिया समुदाय को लेकर की गई टिप्पणी पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उनका कहना है कि राजनीतिक मतभेद और नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप अपनी जगह हैं, लेकिन किसी एक व्यक्ति के साथ विवाद में पूरे समाज को शामिल करना समाज के सम्मान से जुड़ा मामला है।
विकास गुप्ता ने हाल ही में पंचकूला अग्रवाल समाज का चुनाव जीतकर अध्यक्ष बने जगमोहन गर्ग से भी इस मामले में हस्तक्षेप करने और समाज की भावनाओं को सामने रखने की अपील की है।
उधर, इस विवाद को लेकर भाजपा में बनिया समाज से जुड़े कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं की नाराजगी की भी चर्चा है, हालांकि अभी तक किसी ने सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया नहीं दी है। नगर निगम चुनाव से पहले शुरू हुआ यह विवाद अब राजनीतिक बयानबाजी के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के बीच भी चर्चा का विषय बन गया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement