Certified Returning and Assistant Returning Officers Will Make Elections-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:56 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सर्टिफिकेट प्राप्त रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी ही चुनाव करवाएंगे

khaskhabar.com: सोमवार, 09 जुलाई 2018 6:08 PM (IST)
सर्टिफिकेट प्राप्त रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी ही चुनाव करवाएंगे
जयपुर। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अश्विनी भगत ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग ने चुनाव के दौरान किसी भी तरह की कोई गलती ना हो इसके लिए पहली बार रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को सर्टिफिकेट प्रोग्राम शुरू किया है। इसमें उन्हीं अधिकारियों को सर्टिफिकेट जारी होंगे जो पूर्ण रूप से प्रशिक्षित होंगे और आयोग द्वारा ली गई परीक्षा में सफल होंगे। भगत सोमवार को हरिशचंद्र माथुर राजस्थान राज्य लोक प्रशासन संस्थान (ओटीएस) में आयोजित रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के चार दिवसीय सर्टिफिकेशन प्रोग्राम के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी चुनाव में अहम कड़ी की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में यदि वे पूर्ण रूप से प्रशिक्षित हों तो चुनाव की कठिन लगने वाली राह भी आसान हो जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार चुनाव में वर्षों से चुनाव करवा रहे अधिकारी भी बड़ी भूल कर जाते हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि कई चुनावों में मॉक पोल के डेटा को क्लीयर नहीं करने जैसी गलती से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी मनोयोग से कार्यक्रम में हिस्सा लें और ज्यादा से ज्यादा सवाल कर अपनी भ्रांतियों को दूर करें। उन्होंने कहा कि इस बार आयोग ने प्रशिक्षित अधिकारियों की परीक्षा लेकर उन्हें सर्टिफिकेट जारी करना भी शुरू किया है।
जयपुर के संभागीय आयुक्त टी रविकांत ने कहा कि रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को आयोग या विभाग से प्राप्त आदेशों और परिपत्रों को पढ़ने और ईआरओ नेट को स्वयं काम लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में राज्य के अधिकारी कहीं अधिक बेहतर हैं।
अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रेखा गुप्ता ने कहा कि चुनाव के दौरान रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों के पास ही सभी वैधानिक शक्तियां समाहित हो जाती हैं, ऐसे में इनकी जिम्मेदारी कहीं अधिक बढ़ जाती है। उन्होंने सभी अधिकारियों को और अधिक सजग होकर प्रशिक्षण लेने पर बल दिया।
इस अवसर पर चार राज्यों से आए नेशनल लेवल के मास्टर ट्रेनर दिनेश सिंह, पुलक भट्टाचार्य, अश्विनी मलिक और अरुण आनंदकर ने भी अन्य राज्यों में अब तक दिए प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन विभाग के विशेषाधिकारी एच.एस गोयल ने किया जबकि धन्यवाद संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र माहेश्वरी ने दिया। इस अवसर पर उप मुख्य निवार्चन अधिकारी श्री विनोद पारीक, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी (आईटी) एमएम तिवारी, मुख्य लेखाधिकारी सुभाष दानोदिया ने राज्यों से आए मास्टर ट्रेनर्स का स्वागत कर अभिवादन किया। कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए 120 से ज्यादा अधिकारियों ने हिस्सा लिया।


ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

1/2
Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement