CEO reviewed the election preparations-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

सीईओ ने सम्भाग की चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर दिये निर्देश

khaskhabar.com: सोमवार, 08 अप्रैल 2019 6:56 PM (IST)
सीईओ ने सम्भाग की चुनावी तैयारियों की समीक्षा कर दिये निर्देश
जयपुर। मुख्य निर्वाचन अधिकारी आनन्द कुमार ने सोमवार को भरतपुर सम्भाग के चारों जिलों की लोकसभा चुनाव सम्बन्धी तैयारियों की समीक्षा की तथा भयमुक्त और शान्तिपूर्ण ढंग से चुनाव सम्पन्न करवाने के निर्देश दिये। सम्भागीय आयुक्त सभागार में आयोजित बैठक में आनन्द कुमार ने चारों जिला निर्वाचन अधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों से कानून व्यवस्था, क्रिटिकल मतदान केन्द्र, सुरक्षा बलों की आवश्यक संख्या और तैनाती, मतदान केन्द्रों में उपलब्ध करवाये जाने वाली सुविधाओं, वैबकास्टिंग, मतदान दल गठन, प्रशिक्षण, स्वीप आदि बिन्दुओं के सम्बन्ध में फीडबैक लिया। एपिक कार्ड के अतिरिक्त 11 दस्तावेज भी मान्य- सीईओ ने बताया कि वोटर पर्ची मान्य नहीं होगी। मतदाता को मतदाता पहचान पत्र(एपिक कार्ड) या निर्धारित 11 दस्तावेजों में से 1 फोटोयुक्त दस्तावेज दिखाना अनिवार्य होगा। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारियों को इसका प्रचार-प्रसार करने के लिये हार्डिंग, बैनर, पोस्टर लगवाने के निर्देश दिये। उन्होंने वोटर गाइड का प्रकाशन कर निर्धारित अवधि में इसका वितरण करवाने के निर्देश भी दिये। अवैध शराब और हथियार जब्त करो-सीईओ ने चारों डीईओ और एसपी को निर्देश दिये कि अवैध शराब, हथियार और नकदी की बरामदगी, छापों के लिये जो फ्लाइंग स्कॉड, नाके स्थापित किये गये हैं, उन्हें सक्रिय करें। पडौसी राज्यों और पडौसी जिलों के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से समन्वय बनाये रखें। एक क्षेत्र के अपराधी दूसरे क्षेत्र में घुसने न दें। स्टैंडिंग वारन्टियों को तत्काल गिरफ्तार करें, चुनाव में विध्न डालने की आशंका वाले लोगों को चिन्हित कर पाबन्द करें। शराब की प्रत्येक दुकान पर सीसीटीवी लगाने के निर्देश दिये। शराब को गोदाम से दुकान तक लाने से पहले सम्बन्धित एसएचओ को वाहन संख्या, शराब की मात्रा की सूचना ठेकेदार द्वारा देने के निर्देश की कठोरता से पालना करवाने के निर्देश दिये।
छाया-पानी का पर्याप्त इन्तजाम करें-सीईओ ने निर्देश दिये कि प्रत्येक मतदान केन्द्र पर छाया, पेयजल, विद्युत कनेक्शन, टॉयलेट का पर्याप्त इंतजाम करें। गर्मी को देखते हुये पेयजल को ठण्डा रखने का प्रयास करें। दिव्यांग मतदाताओं को घर से मतदान केन्द्र लाने व उन्हें वापस घर छोडने के लिये वाहनों की व्यवस्था करें। मतदान केन्द्र पर व्हील चैयर और ट्राई साइकल की व्यवस्था सुनिश्चित करेें।
शिकायत और अनुमति का तत्काल निस्तारण करें-सीईओ ने बताया कि चुनाव आयोग ने मतदाता, अभ्यर्थी, राजनीतिक दलों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण करने के लिये सी-विजिल एप बनाया है जो जीपीएस सिस्टम से कार्यरत है। कहीं भी आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा हो या मतदाता को डराया, धमकाया जाये, प्रलोभन दिया जाये तो इस एप से शिकायत करें। उन्होंने चारों जिलों में इस एप और 1095 पर आयी शिकायतें और उनके समाधान का स्टेटस जाना। रैली, जुलूस आदि की अनुमति के लिये भी ‘‘सुविधा’’ एप बनाया गया है। राजनीतिक दल और अभ्यर्थी इस एप के माध्यम से अनुमति मांग सकते हैं। इन आवेदनों का 24 घन्टे के भीतर निस्तारण करना है।
महिला मतदान केन्द्र पर सुविधायें सुनिश्चित करें-चुनाव आयोग ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में न्यूनतम 1-1 महिला मतदान केन्द्र और आदर्श मतदान केन्द्र स्थापित करने के निर्देश दिये हैं। महिला मतदान केन्द्र पर सभी मतदान दल कार्मिक महिलायें होंगी। यहॉं आयोग द्वारा निर्धारित सभी सुविधायें होना सुनिश्चित करें।
अपडेशन की जानकारी ली-सीईओ ने प्रत्येक जिले में हुये मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की तथा बताया कि नामांकन पत्र दाखिले की अन्तिम तिथि से 10 दिन पूर्व तक मतदाता सूची में नाम लिखाया जा सकता है। इसके लिये ऑनलाइन प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित कर लें कि प्रत्येक पुलिसकर्मी को बैलट पेपर मिल जाये। उन्होंने सर्विस वोटर, ईवीएम और वीवीपैट रैण्डमाइजेशन, मतदान दल कार्मिक प्रशिक्षण और रैण्एडमाइजेशन की भी जानकारी ली।
भयमुक्त चुनाव सम्पन्न करवायें-डीजी एमएल लाठर (कानून-व्यवस्था) ने चारों जिलों में कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी सभी घटनाओं पर निगाह रखें, सूचनाओं को समय पर सम्बन्धित अधिकारियों के साथ साझा करें। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों से सम्बन्धित असामाजिक तत्वों को प्राथमिकता के साथ पाबन्द करें। अब तक पाबन्द किये व्यक्तियों, जब्त किये गये अवैध हथियार, शराब, कैश की जानकारी ली।
सम्भागीय आयुक्त चन्द्रशेखर मूथा और पुलिस महानिरीक्षक भूपेन्द्र साहू ने भी विचार प्रकट किये।
बैठक में भरतपुर जिला निर्वाचन अधिकारी(डीईओ) डॉ0 आरूशि अजेय मलिक ने बताया कि भरतपुर लोकसभा क्षेत्र में 22 फरवरी को अन्तिम प्रकाशन के समय 1928972 मतदाता हैं। इनमें से 1721499 भरतपुर जिले के तथा शेश कठूमर विधानसभा क्षेत्र के हैं। प्रति 1000 पुरूश मतदाताओं पर 869 महिला मतदाता हैं। प्रति 1000 जनसंख्या पर 600 मतदाता हैं। लोकसभा क्षेत्र में अपडेशन के दौरान 7359 फॉर्म 6 प्राप्त हुये, इनमें से 7339 को स्वीकृत कर मतदाता सूची में नाम जोड दिये गये। 2623 फॉर्म 7 प्राप्त हुये। 3595 फॉर्म 8 प्राप्त हुये, इनमें से 3254 को स्वीकार किया गया। 451 फॉर्म 8-ए प्राप्त हुये जिसमें से 434 स्वीकृत किये गये।
जिले में 46357 एपिक कार्ड प्राप्त हुये थे। इन सभी का सम्बन्धित मतदाताओं को वितरण कर दिया गया है। जिले के सभी 1774 पोलिंग बूथ पर पेयजल, फर्नीचर और शौचालय सुविधा उपलब्ध है। 52 पोलिंग बूथ पर रैम्प और 159 में विद्युत व्यवस्था नहीं है। चुनाव तिथि से काफी पूर्व ये सुविधायें इन बूथों पर स्थापित कर दी जायेगी। ये 1774 मतदान केन्द्र 1274 मतदान केन्द्र भवन में स्थित हैं। जिले में 182 सैक्टर अधिकारी नियुक्त किये गये हैं। इन्होंने 11 मार्च से 14 मार्च तक प्रथम भ्रमण और 1 अप्रेल से 3 अप्रेल तक द्वितीय भ्रमण कर लिया है। अब ये 10 अप्रेल से मतदान दिवस तक निरन्तर क्षेत्र का भ्रमण करेंगे। 2625 बैलट यूनिट, 2172 कन्ट्रोल यूनिट और 2521 वीवीपैट की एफएलसी हो चुकी है। इनका प्रथम रैण्डमाइजेशन कर विधानसभावार आवंटन किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक हैदर अली जैदी ने बताया कि जिले में 2543 पुलिसकर्मी उपलब्ध हैं। केन्द्रीय सुरक्षा बलों की आवश्यकता का आकलन कर मॉंग सूची चुनाव आयोग को दी जा चुकी है। जिले में 498 क्रिटिकल बूथ हैं जहॉं सुरक्षा के विशेश प्रबन्ध किये जायेंगे। इनमें कामां में 121, नगर में 40, डीग-कुम्हेर में 83, भरतपुर में 59, नदबई में 79, वैर में 62 और बयाना में 54 हैं। इन बूथों से सम्बन्धित 2094 लोगों की पहचान की गयी है जो चुनाव में बाधा डाल सकते हैं। इनमें से 177 को पाबन्द किया जा चुका है।182 सैक्टर पुलिस मोबाइल पार्टी, 21 एसएसटी, 21 एफएसएस, 8 क्यूआरटी का गठन किया गया है। 27 इन्टर स्टेट नाकों पर विशेश नाकाबन्दी और चैकिंग अभियान चलाया जा रहा है। 4278 लाइसेन्सी हथियार जमा हो चुके हैं। 7755 व्यक्तियों के विरूद्ध प्रिवेन्टिव कार्रवाई की गयी है। 76 अवैध हथियार और 89 कारतूस बरामद कर 81 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। 6415 लीटर अवैध शराब बरामद कर 232 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
बैठक में धौलपुर डीईओ नेहा गिरी, सवाई माधोपुर डीईओ डॉ. एसपी सिंह, करौली डीईओ नन्नूमल पहाडिया, अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. रेखा गुप्ता, भरतपुर एसपी हैदर अली जैदी, धौलपुर एसपी अजय सिंह, सवाई माधोपुर एसपी समीर सिंह, करौली एसपी प्रीति चन्द्रा, प्रशिक्षु आईएएस सौम्या झा और अक्षय गोदारा, भरतपुर उप जिला निर्वाचन अधिकारी नारायण सिंह चारण भी उपस्थित थे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement