राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री सौदान सिंह ने भी हाल ही में इसी सफ्ताह
कार्यसमिति की बैठक में विधायकों को कामकाज सुधारने की नसीहत देते हुए
आत्मावलोकन करने तथा जनता से अपने संबंधों की पड़ताल करने को कहा है। उनका
कहना था कि विधायक कार्यकर्ताओं के बीच अपनी छवि भी पता कर लें, क्योंकि अब
काम करने को केवल एक साल बचा है। वहीं इसी बैठक में मुख्यमंत्री ने चुनाव
में गड़बड़ी करने या भितरघात करने वालों को चेतावनी भी दी थी। इन सबसे ये
भी संकेत मिलते हैं कि भाजपा में अंदरूनी तौर पर जनप्रतिनिधियों के कामकाज
की समीक्षा चल रही है। सूबे के मुखिया रमन सिंह खुद 25 अप्रैल से
प्रदेशव्यापी सुराज अभियान में जाएंगे तो वे भी अपने तरीके से फीडबैक
लेंगे। पड़ोस के पांच राज्यों के संगठन प्रभारी सौदान सिंह भी रायपुर में
रहकर सतत नजर रखेंगे।
सूत्रों का कहना है कि इस सर्वे रिपोर्ट के
बाद संगठन इस पर विधायकों और पदाधिकारियों की संयुक्त बैठक करेगा। इसमें
रिपोर्ट का खुलासा कर विधायकों को उनकी भविष्य की संभावनाओं का आईना दिखाया
जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष धरम लाल कौशिक जुलाई-अगस्त में होने वाली चिंतन बैठक
की रूपरेखा बना रहे हैं। विधानसभा चुनाव 2018 में और लोकसभा चुनाव 2019
में होने हैं। चुनाव के पहले फाइनल सर्वे के बाद पार्टी तीन-तीन नामों का
पैनल बनाएगी। इनमें से ही विधानसभा व लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी तय
होगा। वर्तमान व संभावित उम्मीदवारों की ‘जन्मकुंडली’ तैयार की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में भले ही लगातार तीन बार से भाजपा की सरकार बन रही है, लेकिन
तीन चुनावों में लगातार पार्टी का ग्राफ गिर रहा है। वर्ष 2003 में पार्टी
ने पौने तीन फीसदी अधिक मतों से सरकार बनाई। वर्ष 2008 में पौने दो फीसदी
और 2013 में केवल 0.76 फीसदी मत अधिक पाकर महीन मार्जिन से सत्ता में लौटी।
इस वजह से पार्टी आलाकमान फूंक-फूंककर कदम रख रहा है। छत्तीसगढ़ में
विधानसभा में विधायकों की संख्या : भाजपा 49, कांग्रेस 38, स्वतंत्र 1,
निर्दलीय 1, बसपा 1। (आईएएनएस)