BJP legislator Mathura Pal dies -m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 4:44 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

भाजपा विधायक मथुरा पाल का निधन, सीएम योगी ने जताई शोक संवेदना

khaskhabar.com: शनिवार, 22 जुलाई 2017 3:22 PM (IST)
भाजपा विधायक मथुरा पाल का निधन, सीएम योगी ने जताई शोक संवेदना
हिमांशु तिवारी, कानपुर। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व सिकंदरा विधायक मथुरा प्रसाद पाल का निधन हो गया है। पाल ने मथुरा में देर रात दम तोड़ दिया। जिससे उनके समर्थकों में शोक की लहर दौड़ पड़ी। बताया जा रहा है कि लंबी बीमारी के कारण उन्हे गुडगांव के मेदांता हॉस्पिटल ले जाया जा रहा था तभी मथुरा में उनका निधन हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक मथुरा प्रसाद पाल के निधन पर शनिवार को गहरा शोक व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने जारी शोक संदेश में कहा, "पाल आम जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति बेहद संवेदनशील थे और समाज के कमजोर वर्गो की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते थे।"
योगी ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए विधायक के शोकसंतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री शनिवार अपराह्न् कानपुर देहात स्थित मेदूपुर-बरहापुर गांव पहुंचकर दिवंगत विधायक को अपनी श्रद्धांजलि देंगे।


कानपुर देहात जनपद में लंबी राजनीतिक पारी खेलने वाले भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद पाल लंबी बीमारी के कारण शुक्रवार देर रात अलविदा हो गए। जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों का उनके पैतृक घर में तांता लगना शुरू हो गया।
गनीपुर विधायक विनोद कटियार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कानपुर देहात ने गरीबों का मसीहा खो दिया। जिसकी भरपाई नहीं हो सकती। बताया कि वह काफी दिनों से बीमार चल रहे थे। जिसके कारण परिजन उनको गुडगांव के मेदांता हॉस्पिटल ले जा रहे थे तभी देर रात मथुरा के पास उन्होंने अन्तिम सांस ली। उनका शव लाया जा रहा है उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव मैदूपुर बढ़ापुर में 11.30 बजे पहुंचेगा। इसके बाद 12.00 बजे उनका पार्थिव शरीर उनके कानपुर आवास गीता नगर निकट हरि गेस्ट हाउस के पास अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष कानपुर देहात राहुल अग्निहोत्री ने विधायक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए असहनीय नुकसान बताया और ईश्वर से उनकी आत्मा को शान्ति प्रदान करने और परिवारीजनों को ढांढस बंधाए जाने की दुआ की।
बताते चलें कि, मथुरा पाल व्हील चेयर पर 17 जुलाई को लखनऊ में विधान भवन में राष्ट्रपति के चुनाव में मतदान करने पहुंचे थे। इसके बाद वह वापस कानपुर लौटे और हालत बिगड़ गई। बीती रात परिजन उन्हें सड़क मार्ग से मेदांता हॉस्पिटल ले जा रहे थे, तभी वह रास्ते में चिरनिद्रा में लीन हो गये।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य - शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement