Bikaner Olive City will strive to develop as : Agriculture Minister-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 22, 2026 5:06 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बीकानेर को ऑलिव सिटी के रूप में विकसित करने के होंगे प्रयास : कृषि मंत्री

khaskhabar.com: गुरुवार, 20 अक्टूबर 2016 6:18 PM (IST)
बीकानेर को ऑलिव सिटी के रूप में विकसित करने के होंगे प्रयास : कृषि मंत्री
बीकानेर। कृषि, पशुपालन, मत्स्य, गोपालन तथा कृषि विपणन मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि बीकानेर को ऑलिव सिटी के रूप में विकसित करने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। कृषि मंत्री गुरुवार को सर्किट हाउस सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बीकानेर में ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों में भी जैतून के पौधे लगाए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को इस संबंध में महापौर से चर्चा कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने कहा कि जैतून वृृक्षों को सडक़ के किनारे व संभव हो तो रोड डिवाइडरों पर भी लगाया जाए, जिससे शहर के सौंदर्य में वृद्धि हो सके। इसका यहां आने वाले पर्यटकों पर भी अच्छा प्रभाव पड़ेगा। कृषि मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीकानेर में पिस्ता खेती करने के भी प्रयास किए जाएं। पिस्ते का पौधा तेज गर्मी व सर्दी सहन कर लेता है, इसलिए इसकी बीकानेर में भी पैदावार की जा सकती है। उन्होंने बीकानेर में डेट पाम के पौधों के विषय में जानकारी लेते हुए कहा कि कृषकों को इन्हें अधिक से अधिक लगाने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में स्थान चयनित कर, डेट पाम उत्पादों संबंधी, 125 करोड़ रुपए लागत की प्रोसेसिंग यूनिट लगाए जाने का एमओयू किया जाएगा। सैनी ने निर्देश दिए कि सॉयल हेल्थ टेस्टिंग का कार्य गंभीरता से किया जाए, इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
कृषि मंत्री ने बताया कि नवंबर में होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट में विश्व के अनेक देशों सहित भारत के सभी राज्यों से किसान, कृषि उद्यमी तथा वैज्ञानिक भाग लेंगे। इस आयोजन से कृषकों को आत्मबल मिलेगा, उनका सशक्तीकरण होगा तथा देश- विदेश के कृषि वैज्ञानिकों के ज्ञान का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर वेदप्रकाश, पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. ए.के. गहलोत, कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक एच.एल.मीना, डॉ. सत्यप्रकाश आचार्य, कृषि उपज मंडी अध्यक्ष सहीराम दुसाद, संयुक्त निदेशक कृषि डॉ. केसी मीना व डॉ. आनंदस्वरूप, उपनिदेशक कृषि विस्तार डॉ. उदयभान, डॉ. जगदीश पूनिया, डॉ. जयदीप दोगने, बिहारीलाल सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
#नौकरी ढूढ़ने से पहले जान ले इंटरव्यू से जुड़ी ये बातें
#यहां परियों सी खूबसूरती के साथ नजर आती है बहादुरी

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement