Bikaner: Brother kills brother with axe in a mutual dispute; accused in custody-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:18 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बीकानेर : आपसी विवाद में भाई ने कुल्हाड़ी से की भाई की हत्या, आरोपी हिरासत में

khaskhabar.com: शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 12:32 PM (IST)
बीकानेर : आपसी विवाद में भाई ने कुल्हाड़ी से की भाई की हत्या, आरोपी हिरासत में
बीकानेर । राजस्थान के बीकानेर जिले के नोखा कस्बे से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां मामूली आपसी विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक भाई ने अपने ही सगे भाई की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, यह वारदात नोखा के पंचारिया चौक में देर रात हुई। बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी इतनी बढ़ गई कि जगदीश ब्राह्मण ने गुस्से में आकर अपने भाई हुकुमचंद पंचारिया (35), पुत्र ओमप्रकाश पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में हुकुमचंद गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत इलाज के लिए बागड़ी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर के बाद परिवार में मातम पसर गया, जबकि इलाके में भी शोक और सन्नाटा छा गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस ने आरोपी भाई जगदीश को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही नोखा के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) जरनैल सिंह भी देर रात घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी हुई है। अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि दोनों भाइयों के बीच विवाद किस बात को लेकर हुआ था। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।
--आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement
Advertisement