Bihar: JDU MLA Amarendra Kumar offered a gold necklace and crown at the Thave temple, and the goddess was adorned with magnificent decorations-m.khaskhabar.com
×
khaskhabar
Nov 29, 2026 1:35 am
Location
 
   राजस्थान और हरियाणा सरकार से विज्ञापनों के लिए मान्यता प्राप्त
Advertisement

बिहार: जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार ने थावे मंदिर में सोने का हार और मुकुट किया भेंट, माता का हुआ भव्य श्रृंगार

khaskhabar.com: मंगलवार, 23 दिसम्बर 2025 08:09 AM (IST)
बिहार: जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार ने थावे मंदिर में सोने का हार और मुकुट किया भेंट, माता का हुआ भव्य श्रृंगार
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज के प्रसिद्ध थावे मंदिर में हुई करोड़ों की चोरी के बाद अब तक चोरों का सुराग नहीं लग सका है। इस बीच, जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय ने पहल करते हुए सोमवार को माता भवानी को सोने का हार (नेकलेस) और मुकुट भेंट किया। चोरी की घटना के पांच दिन बाद हुई इस भेंट के बाद सोमवार को मंदिर में माता का भव्य श्रृंगार किया गया। भव्य श्रृंगार के बाद सोमवार को दर्शन के लिए पट खोले गए। मां के नए श्रृंगार को देखने के लिए भारी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। श्रद्धालुओं ने माता की पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद मांगा। भेंट किए गए सोने के हार और मुकुट में माता का श्रृंगार देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। बता दें कि 17 दिसंबर को मंदिर में गर्भगृह से माता के सोने के मुकुट, सोने की छतरी और सोने का हार चोरी कर लिया गया था। पुलिस के हाथ लगे सीसीटीवी फुटेज में दो चोरों की तस्वीर सामने आने के बाद भी गोपालगंज पुलिस अब तक चोरों का सुराग पाने में विफल रही है। पुलिस ने चोरों को पकड़ने के लिए एक लाख का इनाम भी रखा है, लेकिन अब तक चोरों का कोई पता नहीं मिल सका है। इस मामले में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने टीओपी प्रभारी धीरज कुमार को निलंबित कर दिया है जबकि बिहार स्पेशल ऑक्जिलियरी पुलिस (सैप) के चार जवानों को बर्खास्त कर दिया गया है। पुलिस ने जांच के क्रम में मंदिर के पुजारी सहित 35 से अधिक लोगों से पूछताछ कर चुकी है।
बिहार के अलावा देश के अन्य क्षेत्रों से भी यहां लोग मां थावे वाली के दर्शन करने आते हैं। नवरात्रि और अन्य पर्वों के दौरान यहां भव्य मेले और जागरण का आयोजन होता है। यहां का वातावरण भक्तिभाव से पूर्ण होता है, जहां भक्त घंटों तक दर्शन के लिए पंक्तियों में खड़े रहते हैं। -आईएएनएस

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे

Advertisement
Khaskhabar.com Facebook Page:
Advertisement