जयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने कहा है कि प्रदेश को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए निजी और सार्वजनिक क्षेत्र को साथ मिलकर काम करना होेगा। उन्होंने उद्योगपतियों के साथ-साथ डाॅक्टरों को भी समूह बनाकर प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, ट्रोमा सेंटर आदि का पीपीपी मोड पर संचालन करने का सुझाव दिया। उन्होंने निजी क्षेत्र से कुपोषण उपचार केन्द्रों तथा किशोर बालिकाओं के स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य सरकार से सहयोग की अपील की। श्रीमती राजे शनिवार को सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी यूनिवर्सिटी आॅफ मेडिकल साइंसिज एण्ड टेक्नोलोजी के पहले दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रही थीं।
उन्होंने कहा कि निजी एवं सरकारी क्षेत्र के साथ आने से राज्य के सुदूर क्षेत्रों में भी बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित हो सकता है। इसके लिए टेली मेडिसिन जैसे नवाचार अपनाने के साथ-साथ विदेशी अस्पतालों के साथ एमओयू और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों आदि को पीपीपी मोड पर संचालित किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना देश की सबसे अच्छी योजना है, जिसमें करीब एक करोड़ बीपीएल और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के लाभार्थी परिवारों को कवर किया गया है। इसकी सफलता के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र के डाॅक्टर तथा अस्पताल का सहयोग आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आरोग्य राजस्थान अभियान के तहत 19 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर 1.25 लाख गंभीर बीमारियों के रोगियों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य राजस्थान के प्रत्येक नागरिक का हैल्थ प्रोफाइल तैयार कर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।श्रीमती राजे ने डाॅक्टरों सहित समाज के सक्षम लोगों का आह्वान किया कि वे आने वाले नवरात्र के अवसर पर एक-एक बच्ची की पढ़ाई-लिखाई और परवरिश की जिम्मेदारी लें।