बांदा। सूखे और अकाल के लिए हमेशा बुरी खबरों में रहने वाले बुंदेलखंड के
बांदा जिले में तिन्दवारी ब्लाक के कबीर नगर मोहल्ले में पिछले 25 सालों से
बिछी पानी की पाइपलाइन में आज तक पानी की एक बूंद भी नहीं टपकी है। इस
मोहल्ले के अधिकांश निवासी दलित हैं।
स्थानीय निवासी चन्द्र प्रकाश
वर्मा कहते हैं, ‘‘इंदिरा गांधी पेयजल योजना जब शुरू हुई थी तो उस समय
पाइपलाइन तो बिछ गई, पर उसमें पानी आज तक नहीं आया। इसके पीछे का कारण हमें
नहीं पता। हमने 2012, 2014 और 2016 में आवेदन दिया था, जिस पर अभी तक कोई
कार्यवाही नहीं हुई है। कई लोगों से कह चुके हैं, सभी कहते हैं कि ऊपर बात
करो।’’
कबीर नगर निवासी लल्लू कहते हैं, ‘‘पाइपलाइन में 25 सालों से पानी नहीं आया। यहां के लोगों में गुस्सा है।’’ एक
अन्य स्थानीय निवासी, किरण गुस्से में कहती हैं, ‘‘कभी पानी नहीं आया।
हमें पानी लेने के लिए दूर जाना पड़ता है और कभी सरकारी नल खराब हो जाए तो
दो-दो महीने तक पानी नहीं मिलता है।’’ गृहिणी शकुंतला वर्मा कहती
हैं, ‘‘जब हम पानी नहीं आने का कारण पूछते हैं तो जल विभाग वाले पानी नहीं
चढऩे की बात कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं, जबकि हमारे आस-पास के
इलाकों में पानी आता है।’’