बालिका बचाओ-बालिका पढ़ाओ के संबंध में विधिक जागरूकता शिविर
khaskhabar.com: बुधवार, 29 मार्च 2017 7:00 PM (IST)
जैसलमेर। राजस्थान उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला प्रशासन के सहयोग से बुधवार को जिला मुख्यालय पर शहीद पूनमसिंह स्टेडियम में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ के संबंध में वृहद् विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं न्यायाधीश गोपाल कृष्ण व्यास थे, जबकि निरीक्षण न्यायाधीश विनीत कुमार माथुर विशिष्ट अतिथि थे। समारोह में जिला एवं सत्र न्यायाधीश मदनलाल भाटी, जिला कलेक्टर मातादीन शर्मा, जिला पुलिस अधीक्षक गौरव यादव मौजूद थे।
न्यायाधीश व्यास ने वृहद् विधिक जागरूकता शिविर में कहा कि सृष्टि का आधा भाग बचेगा एवं पढ़ेगा तभी समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। इस सीमांत जिले में वृहद् विधिक जागरूकता शिविर का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को बचाने एवं उनको पढ़ाने के संबंध में संदेश देना है। व्यास ने संदेश दिया कि हमें आमजन में यह धारण पैदा करनी है कि वे बेटी के जन्म पर भी बच्चे के जन्म की तरह उत्सव मनाएं। वहीं यह सीख देनी है कि आज के युग में बेटियां किसी भी स्तर पर बेटों से कम नहीं है। उन्होंने अपने उद्बोधन के दौरान ओसियां तहसील के ग्राम खाबड़ा रामनगर की दो बालिकाएं मूमल (15) व गोमती बेनीवाल (13) का बाल विवाह रुकवाया।
न्यायाधीश माथुर ने कहा कि इस जागरूकता अभियान की सफलता की प्रथम कड़ी तो यही है कि इसमें बहुत अच्छी संख्या में महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित हुई हैं। जैसलमेर जिले के साथ बालिका हत्या का जो कलंक लगा है, उसे हम सबको मिलकर मिटाना है। इस मौके पर जिला कलेक्टर मातादीन शर्मा, जिला एवं सेशन न्यायाधीश मदनलाल भाटी ने भी विचार रखे।